शराब माफियाओं ने पंसस पति को कटारी से मार कर किया लहूलुहान
थाना क्षेत्र के पुतरु गांव के एनएच किनारे बुधवार शाम को पुराने विवाद को लेकर उलदा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य जमुना गिरी के पति जतन गिरी को कटारी से मार कर लहुलुहान कर दिया गया। घायल जतन लहुलुहान स्थिति में गालूडीह थाना पहुंचे..
संसू, गालूडीह : थाना क्षेत्र के पुतरु गांव के एनएच किनारे बुधवार शाम को पुराने विवाद को लेकर उलदा पंचायत के पंचायत समिति सदस्य जमुना गिरी के पति जतन गिरी को कटारी से मार कर लहुलुहान कर दिया गया। घायल जतन लहुलुहान स्थिति में गालूडीह थाना पहुंचे। पुलिस ने तत्काल घायल को अनुमंडल अस्पताल भेजा। घायल को उसके बड़े भाई रतन गिरी, चंदन गिरी व बबलू महतो अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल के चिकित्सक डा. एसके माझी ने प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर रेफर कर दिया। जतन गिरी पर हमला करने वालों के खिलाफ गालूडीह थाना में मामला दर्ज किया गया। घायल जतन गिरी ने बताया कि पुतरु गांव के एनएच किनारे सोना टुडू, सागुन टुडू, रुइतु महतो अवैध रूप से देशी शराब बेचते हैं। गुराझोर गांव का अतुल सिंह शराब सप्लाई करता है। ग्रामीणों की शिकायत पर मैंने पंचायत प्रतिनिधि होने के नाते कई बार मना किया था। आज शाम को अतुल सिंह मेरे पास आया और झोला से कटारी निकालकर सिर पर वार कर जेब में रखे दो हजार रुपये निकाल कर भाग गया। उसी दौरान सोना टुडू, सागुन टुडू, रुइतु महतो एवं एक अन्य युवक ने भी मेरे साथ मारपीट की। बंगाल से भागकर आए प्रेमी जोड़े को पुलिस ने पकड़ा : बंगाल से भाग कर आए एक प्रेमी जोड़े को स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने पकड़ लिया। उन्हें चाकुलिया थाना लाया गया। जांच के क्रम में युवक बालिक जबकि युवती नाबालिक पाई गई। पुलिस ने युवती के अभिभावकों से 18 वर्ष के बाद ही विवाह करने का शपथ पत्र लेकर दोनों को छोड़ा। युवक नाबालिग युवती के साथ शहर के नामोपाड़ा स्थित अपने मौसा के घर आया था। इस बात की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी।