Weather Forecast Jamshedpur : यहां आहिस्ता-आहिस्ता हो रही ठंड की विदाई, जाने अगले सात दिन का पूर्वानुमान
पूर्वी सिंहभूम पश्चिमी सिंहभूम सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां जिला में कहीं-कहीं पर सुबह में कोहरा या धुंध रहेगा तथा मौसम मुख्यत शुष्क रहेगा। वहीं राज्य में अगले दो-तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे ( दो से तीन डिग्री सेल्सियस) की वृध्दि होगी।
जमशेदपुर, जासं। मौसम लगातार बदल रहा है. अब न्यूनतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12.2 व अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज की गई। इससे शहर में ठंड भी थोड़ा कम हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, अब न्यूनतम तापमान में लगातार वृध्दि दर्ज की जाएगी। रोजाना लगभग एक डिग्री सेल्सियस की वृध्दि होगी।
11 जनवरी तक न्यूनतम तापमान बढ़कर 17 डिग्री व अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच जाएगा। न्यूनतम तापमान बढ़ने से ठंड भी लगातार कम होती जाएगी। मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के दक्षिणी भाग (पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा तथा सरायकेला-खरसावां जिला) में कहीं-कहीं पर सुबह में कोहरा या धुंध रहेगा तथा मौसम मुख्यत: शुष्क रहेगा। वहीं, राज्य में अगले दो-तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे ( दो से तीन डिग्री सेल्सियस) की वृध्दि होगी। न्यूनतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।
अगले सात दिन कैसा रहेगा तापमान
- तिथि - न्यूनतम - अधिकतम
- पांच जनवरी - 12.2 - 29.8
- छह जनवरी - 14.0 - 30.0
- सात जनवरी - 15.0 - 31.0
- आठ जनवरी - 16.0 - 31.0
- नौ जनवरी - 17.0 - 31.0
- दस जनवरी - 17.0 - 31.0
- ग्यारह जनवरी - 17.0 - 31.0
सर्दी-खांसी को हल्के में नहीं ले
मौसम परिवर्तन होने से सर्दी-खांसी के मरीज बढ़ गए हैं। महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल, परसुडीह स्थित सदर अस्पताल सहित निजी अस्पतालों के ओपीडी में इन दिनों सबसे अधिक सर्दी-खांसी के मरीज ही पहुंच रहे हैं। लेकिन, अगर सर्दी-खांसी के साथ-साथ बुखार, कमजोरी व स्वाद नहीं मिलने की शिकायत है तो वह भी डॉक्टर को बताएं। ये सभी लक्षण कोरोना का है। जांच से पता लगाया जा सकता है। शुरुआती दौर में बीमारी का पता चलने से इलाज आसानी से हो जाता है। जबकि वायरस शरीर में अधिक फैल जाने से स्थिति गंभीर हो जाती है। ऐसे में सर्दी-खांसी ज्यादा दिनों से है तो उसे हल्के में नहीं ले।