दुबई में मकदमपुर के युवक की तबीयत बिगड़ी, कंपनी ने झाड़ा पल्ला
दुबई की आरमा कंपनी में एसी मैकेनिक के पद पर कार्यरत परसुडीह थाना अंतर्गत मकदमपुर निवासी अफरोज मल्लिक की तबीयत बिगड़ गयी है। लेकिन कंपनी की ओर से अफरोज का इलाज नहीं करवाया जा रहा है, न ही खाने-पीने के लिए कुछ सहयोग किया जा रहा है।
जासं, जमशेदपुर : दुबई की आरमा कंपनी में एसी मैकेनिक के पद पर कार्यरत परसुडीह थाना अंतर्गत मकदमपुर निवासी अफरोज मल्लिक की तबीयत बिगड़ गयी है। लेकिन कंपनी की ओर से अफरोज का इलाज नहीं करवाया जा रहा है, न ही खाने-पीने के लिए कुछ सहयोग किया जा रहा है। सही से इलाज नहीं होने के कारण अफरोज की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। दस दिन पूर्व ही अफरोज शहर से दुबई पहुंचा था। शहर के ही दूसरे कंपनी में कार्यरत कुछ युवकों ने अफरोज की कुछ हद तक मदद की। अब वे भी पीछे हट गए हैं। अफरोज ने फोन पर बताया कि परसुडीह की ही नदीम कंसल्टेंसी ने शहर में इंटरव्यू आयोजित कर उसे आरमा कंपनी में भेजा है। तबीयत बिगड़ने पर उसे किसी तरह की मदद नहीं मिल पा रही है। उसने नदीम कंसल्टेंसी से भी संपर्क साधा मगर वहां से भी कोई मदद नहीं मिली। वह भारत आना चाहता है मगर उसके पास पैसे नहीं है कि वह लौट पाए। इस संबंध में जब नदीम ट्रैवल्स एजेंसी के संचालक अबदुल कादिर से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहां कि अफरोज मुंबई के साउंड लाइन कंसल्टेंसी के माध्यम से दुबई गया है। उसकी कंसल्टेंसी का अफरोज से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि अफरोज उनकी कंसल्टेंसी को बदनाम करना चाहता है। आरमा कंपनी में शहर के करीब पांच सौ से भी ज्यादा युवक काम कर रहे है। आज तक किसी ने कंपनी की शिकायत नहीं की है। पानी में इंफेक्शन के कारण कंपनी के चालीस युवक एक साथ बीमार हुए थे मगर कंपनी ने सभी का इलाज करवाया सब ठीक-ठाक हैं। अफरोज इससे पूर्व भी मानगो की एक कंसल्टेंसी के माध्यम से विदेश गया था, मगर डेढ़ महीने में ही लौट आया था।