बर्लिन की कैटरीन को भाया लायंस क्लब जमशेदपुर कालीमाटी का सेवा कार्य, मदद के लिए बढाए हाथ
सेवा भाव बर्लिन की कैटरीन के दिलों को छू गया। कैटरीन ने भी कुछ आर्थिक मदद की सोची। उसके सामने समस्या थी कि आखिर किस संस्था के माध्यम से लोगों तक मदद पहुंचाए। उसने काफी सोच-विचार के बाद लायंस क्लब जमशेदपुर कालीमाटी को चुना।
जमशेदपुर, जासं। सेवा के लिए जज्बा चाहिए। झारखंड का जमशेदपुर इस मायने में खास है कि मुसीबत की घडी में सैकडों मददगार खडे हो जाते हैं। संस्था के माध्यम से हो या फिर व्यक्तिगत रूप से मददगारों की कमी नहीं होती। कोरोना काल में भी दर्जनों संस्थाएं जरूरतमंदों को अपने स्तर से मदद पहुंचा रही है। व्यक्तिगत स्तर पर भी लोग सेवा दे रहे हैं।
यह सेवा भाव बर्लिन की कैटरीन के दिलों को छू गया। कैटरीन ने भी कुछ आर्थिक मदद की सोची। उसके सामने समस्या थी कि आखिर किस संस्था के माध्यम से लोगों तक मदद पहुंचाए। उसने काफी सोच-विचार के बाद लायंस क्लब जमशेदपुर कालीमाटी को चुना। हालांकि, मदद की राशि बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन लायंस क्लब कालीमाटी के पदधकारी व सदस्य इससे फूले नहीं समा रहे। वे कैटरीन का शुक्रिया अदा कर रहे हैं। उनका कहना है कि कैटरीन ने मदद कर उनके सेवा के संकल्प को बडी ताकत दी है। कैटरीन के सौजन्य से लायंस उत्कर्ष बाजपेई ने जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध करा रहे हैं। यह कार्य लगातार चलाया जाता है।
बारीडीह क्रिश्चियन एसोसिएशन भी कर रहा सेवा
पूरा देश इन दिनों कोरोना महामारी के कहर से जूझ रहा है। कोरोना महामारी के समय ही लोगों को अपनों की पहचान हो रही है। भले ही इस बीमारी में लोगों को शारीरिक दूरी बनाए रखने का निर्देश है। लेकिन बीमारी का नाम सुनते ही लोग अपनों को भूल जा रहे हैं। आज स्थिति यह है कि किसी परिवार में एक-दो तो किसी घर में पूरा परिवार ही संक्रमित मिल रहे हैं। इन विपरीत परिस्थित में बारीडीह यूथ क्रिश्चियन एसोसिएशन (बीवाईसीए), जमशेदपुर भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरुरतमंदों के बीच लगातार खाद्य सामग्री का वितरण कर रहा है। सेवा ही संकल्प को लेकर चल रहे बारीडीह यूथ क्रिश्चियन एसोसिएशन के सदस्य खासकर युवा वर्ग बीते कई दिनों से जमशेदपुर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जैसे बारीडीह, बिरसानगर, टेल्को, गोलमुरी, साकची, कदमा, सोनारी, बर्मामाइंस, टाटानगर रेलवे स्टेशन, महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल के अलावा रास्ते में सड़क के किनारे रहनेवाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बीच रोजाना 300 पैकेट खाद्य सामग्री का वितरण कर रहे हैं। खाद्य सामग्री वितरण करनेवाले बारीडीह यूथ क्रिश्चियन एसोसिएशन के सदस्यों में अनिमेष कंसवार, असकल टोपनो, अनिकेत कंसवार, एंजेलिना कंसवार, सचिन, राय सिंह, उमा शामिल हैं।
काेरोना पीड़ित को खाना नहीं मिलने की सूचना पर शुरू की सेवा
बारीडीह यूथ क्रिश्चियन एसोसिएशन के सचिव अनिमेष कंसवार ने बताया कि कई स्थानों से सूचना मिल रही थी कि कोरोना पीड़तों व जरुरतमंदों को खाना नहीं मिल रहा है। इस सूचना के बाद उन्होंने अपने एसोसिएशन के सदस्यों से विचार-विमर्श कर जरूरतंदमों के बीच खाना वितरण का कार्य शुरू किया।