कार्तिक पूर्णिमा पर खरकई-स्वर्णरेखा में लगाई डुबकी, किया दान-पुण्य
शाम को लोगों ने अपने-अपने घर में दीया जलाकर और भगवान विष्णु की पूजा करके देव दीपावली भी बनाई।
जासं, जमशेदपुर : कार्तिक मास की पूर्णिमा तिथि को शहर में भी उल्लास देखा गया। इस शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं ने खरकई व स्वर्णरेखा नदी में जमकर डुबकी लगाई, तो इसके बाद दान-पुण्य किया। साकची स्थित स्वर्णरेखा नदी पुल और गांधी घाट के पास सुबह से ही श्रद्धालुओं का जुटना शुरू हो गई थी। कई लोगों ने सोनारी स्थित दोमुहानी में स्नान व दान-पुण्य किया। यहां के मंदिर में भी सुबह से दोपहर तक चहल-पहल रही, जबकि सामने के मैदान में ठेले-खोमचे के साथ जलेबी व पकौड़ी की दुकानें भी लगी थीं। गरमागरम जलेबी व पकौड़ी का लोगों ने भरपूर लुत्फ उठाया। इसके अलावा साकची स्थित शीतला मंदिर, शिव-दुर्गा मनोकामनानाथ मंदिर व कचहरी बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं का आगमन दोपहर से शाम तक होता रहा। इस अवसर पर भगवान विष्णु की विशेष रूप से पूजा-अर्चना की गई। साकची स्वर्णरेखा घाट से गांधी घाट और दोमुहानी में दरिद्रनारायण को लोगों ने अन्न-वस्त्र व रुपये-पैसे दान किए।
इस दौरान मंदिरों में भजन-कीर्तन भी हुआ। शारीरिक दूरी का ख्याल रखते हुए श्रद्धालुओं ने पेशेवर व शौकिया भजन गायकों के साथ सुर-ताल मिलाते हुए इसका लुत्फ उठाया। शाम को लोगों ने अपने-अपने घर में दीया जलाकर और भगवान विष्णु की पूजा करके देव दीपावली भी बनाई।
गुरु पुर्णिमा पर जरूरतमंदों में बांटा मास्क : गुरु पूर्णिमा के शुभ अवसर पर सोमवार को समाजसेवी सह कारोबारी करण ओझा ने परसुडीह झारखंडनगर के जरूरतमंदों के बीच मास्क का वितरण किया। करण ने जरुरतमंदों से कहां कि जब तक दवाई नही तब तक कोरोना के मामले में ढिलाई नही होनी चाहिए। सभी जरूरतमंदों से बगैर मास्क बाहर नही निकलने की अपील की।