पिता को फोन पर मैसेज कर युवक ने टॉल ब्रिज से खरकई में लगाई छलांग
कदमा थाना क्षेत्र के कदमा टोल ब्रिज से कूदकर गुरुवार की दोपहर बागबेड़ा के युवक ने आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : कदमा थाना क्षेत्र के कदमा टोल ब्रिज से गुरुवार की दोपहर बागबेड़ा के के रहने वाले 17 वर्षीय किशोर ने खरकई नदी में छलांग लगा दी। नदी में कूदने से पहले किशोर ने तकरीबन डेढ़ बजे अपने फोन से पिता को वाट्सऐप पर मैसेज कर बताया कि वो आत्महत्या करने जा रहा है। उसे माफ कर देना। इसका किसी को दोष नहीं है। पिता ने शाम पांच बजे के करीब बेटे का मैसेज देखा तो भाग कर बागबेड़ा थाना को इसकी सूचना दी। तब जाकर उसे पता चला कि उसके बेटे ने कदमा टॉल ब्रिज से कूद कर खुदकशी कर ली है।
इसके बाद पिता का रो रो कर बुरा हाल है। किशोर के पिता बागबेड़ा थाने से कदमा थाने पहुंचे और वहां बेटे की साइकिल और चप्पल की पहचान की।
युवक को बचाने की हुई थी कोशिश : हादसे के समय टोल ब्रिज के पास मौजूद एक शख्स ने नदी में कूदे व्यक्ति को बचाने की कोशिश की लेकिन, कामयाबी नहीं मिल पाई। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची कदमा पुलिस ने अमन की तलाश कराने की कोशिश की लेकिन गोताखोर नहीं मिले।
साइकिल खड़ी की, चप्पल उतारी और कूद गया :
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोपहर बाद तकरीबन 2.00 बजे 17 वर्षीय एक युवक कदमा की तरफ से साइकिल से आया और चप्पल उतारने के बाद साइकिल खड़ी कर नदी में छलाग लगा दी। युवक के नदी में कूदने की खबर इलाके में फैल गई और लोग टोल ब्रिज पर जमा हो गए। पुलिस ने युवक की साइकिल और चप्पल कब्जे में ले ली है। पुलिस शुक्रवार को गोताखोर लगाकर अमन की तलाश कराएगी। गौरतलब है कि 15 दिन में टोल ब्रिज से कूदने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले एक बर्मामाइंस का युवक भी किसी टोल ब्रिज से कूदकर जान दे दी थी।
पिता का इकलौता बेटा था :
खरकई में कूदने वाला किशोर अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी दो छोटी बहनें हैं जिनकी उम्र 14 साल और 15 साल है।
चावल बना था, रोटी को ले बहनों से बहस :
बताते हैं कि घर में चावल बना था। किशोर ने रोटी खाने की जिद की थी। इसके बाद बहनों से उसकी मामूली बहस हुई थी। इससे किशोर टेंशन में था।
गोताखोर बोले आज निकालेंगे शव तो लगेंगे 10 हजार :
कदमा टोल ब्रिज से व्यक्ति के नदी में कूदने की सूचना मिलते ही कदमा थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह फौरन घटनास्थल पर पहुंच गया। उन्होंने गोताखोरों से युवक की तलाश करने को कहा। लेकिन गोताखोरों ने मना कर दिया। गोताखोरों ने पुलिस से कहा कि गुरुवार को अगर वह नदी में कूदते हैं तो शव नहीं मिलेगा। शुक्रवार को भी शव की तलाश करनी होगी और तब शव मिलेगा। इस तरह आपको 2 दिन का 10 हजार रुपये देना होगा।
खुदकुशी रोकना है तो टोल ब्रिज पर भी लगेगी जाली :
कदमा टोल ब्रिज सूसाइड जोन बन गया है। यहां 15 दिन में तीन लोग ब्रिज से कूद कर अपनी जान दे चुके हैं। लोगों का मानना है कि अगर इस ब्रिज पर जाली लगी होती तो यहां से लोग नदी में छलांग नहीं लगा पाते। टोल ब्रिज पर जाली लगाने की मांग कई महीने से की जा रही है। लेकिन, कोई इस मांग की तरफ ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि पहले मानगो पुल से लोग कूद कर आत्महत्या किया करते थे। लेकिन, पूर्व डीसी अमिताभ कौशल ने इस पुल पर जाली लगवा दी थी। जाली लगाने का खर्च मानगो और जमशेदपुर अक्षेस ने उठाया था। मानगो पुल पर जाली लगे दो साल हो चुके हैं। इस बीच इस पुल से आत्महत्या करने का एक भाी मामला सामने नहीं आया है।
टोल ब्रिज पर लग जाए सीमा का निशान :
आदित्यपुर के रहने वाले अशोक ने कहा कि पुलिस टोल ब्रिज पर सीमा निर्धारित कर ले। इस सीमा पर निशान लगा ले ताकि घटना होने पर वहां दोनों थानों के बीच किसी तरह का सीमा विवाद का मामला नहीं हो।