Move to Jagran APP

Swachh Survekshan 2021: पूर्वी भारत में जुगसलाई व झारखंड में जमशेदपुर नंबर वन

Swachh Survekshan 2021 स्वच्छता के मामले में जमशेदपुर का एकबार फिर देश में डंका बजा है। पूर्वी भारत में नंबर वन पर जुगसलाई तो झारखंड में दूसरे स्थान पर जमशेदपुर काबिज है। सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज में जमशेदपुर अक्षेस को 5 करोड़ का पुरस्कार मिला है।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Sat, 20 Nov 2021 04:39 PM (IST)Updated: Sun, 21 Nov 2021 09:41 AM (IST)
नई दिल्ली में पुरस्कार ग्रहण करने के बाद झारखंड व जमशेदपुर के अधिकारी।

जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : स्वच्छ भारत सर्वेक्षण प्रतियोगिता-2021 में भाग लेने वाले जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति व जुगसलाई नगर परिषद को पुरस्कार के लिए चयनित किया गया था। शनिवार को स्वच्छ अमृत महोत्सव के दौरान नई दिल्ली के विज्ञान भवन में भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द उपस्थित थे। इस दौरान केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्यमंत्री कौशल किशोर द्वारा जुगसलाई नगर परिषद को 25 से 50 हजार जनसंख्या वाले सिटी में पूर्वी भारत में पहला स्थान मिला। यह पुरस्कार जनता द्वारा दिए गए फीडबैक के आधार पर दिया गया। यह पुरस्कार जमशेदपुर के उपायुक्त (डीसी) सूरज कुमार व कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव ने ग्रहण किया।

loksabha election banner

वहीं, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को तीन लाख से 10 लाख जनसंख्या वाले शहरों में ‘सफाई मित्र सुरक्षा चैलेंज-2021’ में जमशेदपुर अक्षेस को द्वितीय रैंकिंग मिला, जिसके तहत जमशेदपुर अक्षेस को पांच करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया गया। इसके अलावा ‘गारबेज फ्री सिटी कैटेगरी’ में जमशेदपुर अक्षेस को झारखंड में प्रथम पुरस्कार प्रदान किया गया। जमशेदपुर अक्षेस पूरे देश में 12वें स्थान पर रहा। इस तरह जमशेदपुर अक्षेस को दो पुरस्कार मिले। पुरस्कार ग्रहण करने वालों में जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार व सिटी मैनेजर संदीप कुमार के अलावा टाटा स्टील यूटीलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड (जुस्को) के सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा भी शामिल थे।

जुगसलाई नगर परिषद ने राज्य का नाम किया रोशन

स्वच्छ सर्वेक्षण 2021 में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति व जुगसलाई नगर परिषद को पुरस्कार के लिए चयनित होना शहर व राज्य के लिए गौरव की बात है। जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव ने बताया कि स्वच्छ भारत प्रतियोगिता 2020 में भी पूर्वी भारत में 50 हजार से कम जनसंख्या वाले शहरों में जुगसलाई 9वें स्थान पर था।

18 को ही झारखंड के अधिकारी दिल्ली के लिए हुए थे रवाना

जुगसलाई व जमशेदपुर अक्षेस को पुरस्कार ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण मिलने के बाद गुरुवार 18 नवंबर को ही राज्य के पदाधिकारियों की टीम जिसमें नगर विकास विभाग के सचिव विनय कुमार चौबे, निदेशक शहरी अभिकरण, रांची अमित कुमार के अलावा जमशेदपुर के उपायुक्त सूरज कुमार, जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार, कैप्टन धनंजय मिश्रा, सिटी मैनेजर संदीप कुमार, जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जगदीश प्रसाद यादव, राजेंद्र कुमार, अंजलि तिग्गा रांची से दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।

जुगसलाईवासी व सफाई से जुड़े कर्मियों को हृदय से धन्यवाद : जेपी यादव

जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव ने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद दूरभाष पर बातचीत करते हुए बताया कि जुगसलाई को पूर्वी भारत में नंबर वन बनाने का श्रेय जुगसलाईवासियों को है। इसके अलावा सफाई कार्य में जुड़े सफाई मजदूर, कर्मचारी, सिटी मैनेजर राजेंद्र प्रसाद, स्वच्छता विशेषज्ञ सोनी कुमारी आदि का सराहनीय योगदान रहा।

डोर टू डोर कचरा प्रबंधन का रहा अहम योगदान

जमशेदपुर अक्षेस के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार व जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी जेपी यादव कहते हैं कि झारखंड में नंबर वन आने का सबसे बड़ा कारण था, डोर टू डोर सर्विस को जुगसलाई के हर गली तक पहुंचाया गया। लोगों से अपील की गई कि कचरा नगर परिषद के गाड़ी में ही दें। सेमिनार द्वारा लोगों को रीसाइकिल, रीयूज, रिड्यूस तकनीकों से रूबरू कराया गया। लोगों को कचरे के बारे में जागरूक करने के लिए नववर्ष में कैलेंडर बंटवाया गया जिसमें  कचरा पृथककरण के बारे बताया गया। बाजार समिति, रेजिडेंशियल सोसाइटी के सदस्यों और सेप्टिक टैंक ऑपरेटर को कचरे निपटारे की सही तरीकों की जानकारी दी गई। स्वच्छता जागरूकता अभियान को लेकर गली मोहल्लों तक जन जागरूकता अभियान चलाया गया। वर्षों पुराने डस्टबिन को हटा कर सेल्फी प्वाइंट बनाया गया। दीवारों पर पेंटिंग कराई गई। स्कूलों, होटलों, अपार्टमेंट में स्वच्छता प्रतियोगिता कराकर विजेताओं को पुरस्कार दिया गया। समय-समय पर अच्छे कार्य का प्रदर्शन करने वाले सफाईकर्मियों को भी पुरस्कृत किया गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.