आज से पहले की तरह खुल गया जुबिली पार्क, जानिए क्या है नयी व्यवस्था
Jubilee Park Jamshedpur जुबिली पार्क में नई व्यवस्था के तहत अब दोपहिया तिपहिया या चारपहिया वाहन को जहां-तहां लगाने नहीं दिया जाएगा। इसे बाकायदा पार्क के अंदर बने पार्किंग एरिया में लगाना होगा जहां पार्किंग शुल्क लिया जाएगा।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जुबिली पार्क को एक बार फिर बुधवार से पहले की तरह खाेल दिया गया। इसके लिए जुस्को प्रबंधन की सहमति मिल गई। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि उपायुक्त के आदेश को वह अपने सुरक्षाकर्मियों तक नहीं पहुंचा सका था, लेकिन अब बुधवार से इस व्यवस्था को समाप्त कर दिया जाएगा। वहीं पार्क के अंदर से होकर गुजरने वाली सड़क को दोबारा वाहनों के लिए बनाया जाएगा। सड़क खोद देने के मामले को जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने सोमवार को जोर-शोर से उठाया था।
इसके बाद मंगलवार को भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने भी इसे लेकर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह के अलावा जिला महामंत्री अनिल मोदी के अलावा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिजय खां ने भी पूर्व की भांति सड़क चालू करने की चेतावनी दी है। बताया जाता है कि इसके बाद टाटा स्टील यूटीलिटीज इंफ्रास्ट्रक्चर एंड सर्विसेज लिमिटेड (पूर्व नाम जुस्को) प्रबंधन इसकी तैयारी में जुट गया है। साकची गेट से बिष्टुपुर गेट तक जाने वाली सड़क को करीब आधा किलोमीटर तक खोद दिया गया था। उस पर घास भी बिछा दी गई थी, लेकिन अब उसे दोबारा पहले की तरह सड़क बनाने की तैयारी शुरू हो रही है। इसके बाद यह सड़क सुबह आठ से रात आठ बजे तक वाहनों के लिए खोल दिया जाएगा, जबकि सुबह पांच से आठ बजे तक मार्निंग वाकर्स के लिए साइड गेट खोला जाएगा। हालांकि इस निर्णय पर जिला प्रशासन या जुस्को प्रबंधन की ओर से कोई बयान नहीं दिया गया है।
आज सरयू राय दोबारा पहुंचे जुबिली पार्क
जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय एक बार फिर बुधवार को जुबिली पार्क पहुंचे। सरयू ने सोमवार को आईडी प्रूफ दिखाने की बाध्यता और सड़क बंद करने को अपमानजनक बताया था।
वाहनों का लगेगा पार्किंग शुल्क
जुबिली पार्क में नई व्यवस्था के तहत अब दोपहिया, तिपहिया या चारपहिया वाहन को जहां-तहां लगाने नहीं दिया जाएगा। इसे बाकायदा पार्क के अंदर बने पार्किंग एरिया में लगाना होगा, जहां पार्किंग शुल्क लिया जाएगा। इसके अलावा अब पार्क के ब्रांच रोड में किसी वाहन को जाने नहीं दिया जाएगा। मेन रोड से सिर्फ सीधे आने-जाने की अनुमति होगी। पहले लोग लेक एरिया, चिड़ियाघर या पिकनिक स्पॉट की ओर गाड़ी लगाते थे। पार्क की मुख्य सड़क के किनारे भी वाहनों की कतार लगी रहती थी, नई व्यवस्था में इसकी अनुमति नहीं होगी।