Jamshedpur Politics: ड्रामेबाजी कर रहे हैं झामुमो और कांग्रेस कार्यकर्ता, भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी ने कहा
भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी ने झामुमो द्वारा प्रस्तावित टाटा कंपनी गेट जाम और सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा टिस्को के खिलाफ बयानबाज़ी को विशुद्ध ड्रामेबाजी करार दिया है । मोदी ने कहा कि यह शायद झारखंड के इतिहास में पहली बार हो रहा है।
जमशेदपुर, जासं। भाजपा के जिला महामंत्री अनिल मोदी ने झामुमो द्वारा प्रस्तावित टाटा कंपनी गेट जाम और सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता द्वारा टिस्को के खिलाफ बयानबाज़ी को विशुद्ध ड्रामेबाजी करार दिया है । मोदी ने कहा कि यह शायद झारखंड के इतिहास में पहली बार हो रहा है कि सत्ताधारी दल अपने प्रदेश की सबसे बड़ी कंपनी के खिलाफ आधिकारिक रूप से आंदोलन कर रहा है। यह हास्यास्पद स्थिति है।
एक ओर हेमंत सोरेन दिल्ली जाकर निवेशकों को आकर्षित करने के लिए बिजनेस मीट कर रहे हैं, वहीं उनकी पार्टी देश की नामचीन कंपनी के खिलाफ गेट जाम कर रही है। इससे बड़ा विरोधाभास क्या होगा। उन्होंने कहा कि उद्योगों का पलायन तो व्यवस्था में खामी का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री को व्यवस्था में सुधार और गुड गवर्नेंस की और ध्यान देना चाहिए, ना कि कंपनी गेट जाम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इसी तर्ज पर सरकार के घटक दल कांग्रेस के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता भी कंपनी के खिलाफ जमकर बयानबाज़ी कर रहे हैं।यह बयानबाज़ी झारखंड की भोली भाली जनता के गले नहीं उतर रही है।
कुछ दिन पहले तक थे कंपनी के समर्थक
अनिल मोदी ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर और जुबिली पार्क प्रकरण में स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता टिस्को (टाटा स्टील) कंपनी के स्वयंभू प्रवक्ता बने हुए थे। अब अचानक से इस अदावत का मतलब किसी को समझ नहीं आ रहा है। मंत्री ने ऐसा बयान देकर सिर्फ अपनी लाचारी ओर बेचारगी जाहिर की है। उन्होंने कहा कि सत्ताधारी दलों के इन क्रियाकलापों से कोल्हान ओर पूरे प्रदेश में अराजकता का माहौल बन रहा है। इससे प्रदेश का विकास अवरुद्ध होगा। उन्होंने कहा कि दरअसल यूपीए घटक दल के लोग यह समझ चुके हैं कि बिल्ली के भाग से छींका फूटने से एक बार सत्ता उनको मिल गई है। प्रदेश की भोली भाली जनता अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।इसीलिए यह लोग प्रदेश हित छोड़कर स्वहित साधने में लगे हैं।