सीके नायडू ट्रॉफी : लडख़ड़ाते झारखंड को विल्फ्रेड बेंग ने संभाला Jamshedpur News
CK Naidu Trophy. लडख़ड़ाते झारखंड को विल्फ्रेड बेंग ने संभाला। सीके नायडू ट्रॉफी में उत्तराखंड के खिलाफ मेजबान टीम को 262 रन की बढ़त मिल गई है।
जमशेदपुर, जासं। शुभम कुमार सिंह कहर बरपाती गेंदबाजी की बदौलत झारखंड ने कीनन स्टेडियम में खेले जा रहे सीके नायडू ट्रॉफी (अंडर-23 क्रिकेट) के तीसरे दिन उत्तराखंड को 256 रन पर रोक दिया। झारखंड ने पहली पारी में 307 रन बनाए थे। ऐसे में मेजबान टीम ने पहली पारी में 51 रन की बढ़त हासिल कर अंक सुरक्षित कर लिए।
स्टंप के समय तक दूसरी पारी में झारखंड आठ विकेट पर 211 रन बनाकर कुल 262 रन की बढ़त हासिल कर चुका है। स्टंप के समय तक शुभम कुमार सिंह 18 व आशीष कुमार बिना खाता खोले क्रीज पर जमे हुए थे। गुरुवार को मुकाबले का अंतिम दिन है, ऐसे में झारखंड का पलड़ा भारी नजर आ रहा है। मंगलवार के स्कोर पांच विकेट पर 222 रन से आगे खेलने उतरी उत्तराखंड की टीम 256 रन बनाकर सिमट गई। अभिवन बिष्ठ कल के स्कोर में एक और रन जोड़ छह रन के निजी स्कोर पर पेवेलियन लौट गए। आदित्य सेठी ने कल के पारी में 11 रन जोड़कर 52 रन पर पेवेलियन लौट गए। उन्हें आर्यमान सेन ने पगबाधा आउट किया। आदित्य के आउट होने के बाद जल्द ही उत्तराखंड की पारी सिमट गई।
शुभम कुमार सिंह ने पांच विकेट लिए
झारखंड की ओर से कहर बरपाती गेंदबाजी करते हुए शुभम कुमार सिंह ने 20.5 ओवर में 70 रन देकर पांच विकेट अपने नाम लिए। बालकृष्ण व आदित्य सिंह ने दो-दो विकेट लिए। आर्यमान सेन को एक विकेट लिए। दूसरी पारी में झारखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रहे। सलामी बल्लेबाज वी विशाल (02 रन) व आर्यमान से (04 रन) सस्ते में ही पेवेलियन लौट गए। उसके बाद आदित्य सिंह व राहिल रेयाज खान ने पारी को संवारने का काम किया। दोनों ने मिलकर दूसरे विकेट की साझेदारी में 34 रन जोड़े। आदित्य 27 रन के निजी स्कोर पर हरमन की गेंद पर बोल्ड हो गए। उसके बाद राहिल रेयाज खान व विल्फ्रेड बेंग ने मिलकर पारी को संवारा। दोनों ने मिलकर चौथे विकटे की साझेदारी में 52 रन बनाए। राहिल ने36 रन बनाए। विलफ्रेड ने नौ चौके व दो छक्के की मदद से 85 रन बनाए।
दो खिलाड़ी नहीं खोल पाए खाता
लेकिन पंकज कुमार व बालकृष्ण खाता नहीं खोल पाए। इसके कारण झारखंड का पारी लडख़ड़ाती नजर आई। आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए रवि कुमार यादव ने एक चौके व एक छक्के की मदद से 33 रन बनाए। उन्होंने विलफ्रेड बेंग के साथ मिलकर सातवें विकेट की साझेदारी में 80 रन जोड़े। स्टंप के समय तक शुभम 18 व आशीष कुमार सिंह बिना खाता खोले क्रीज पर जमे हुए थे। उत्तराखंड की ओर से गेंदबाजी करते हुए पुंदिर व हरमन ने तीन-तीन विकेट लिए, वहीं अग्रिम तिवारी को एक विकेट मिला।