Ranji Trophy : सौरभ और देवव्रत की शतकीय पारी से झारखंड को मिले तीन अंक
रणजी ट्रॉफी क्रिकेट मुकाबले के चौथे दिन झारखंड ने पहली पारी में बढ़त ली और मैच ड्रा हो गया। इसके साथ ही झारखंड को तीन अंक तथा हरियाणा को तीन अंक प्राप्त हुए।
जमशेदपुर, जासं। Ranji Trophy कीनन स्टेडियम में खेले जा रहे रणजी ट्रॉफी क्रिकेट मुकाबले के चौथे दिन शनिवार को झारखंड ने पहली पारी में बढ़त ली और मैच ड्रा हो गया। इसके साथ ही झारखंड को तीन अंक तथा हरियाणा को तीन अंक प्राप्त हुए। टीम को बढ़त दिलाने में झारखंड टीम के कप्तान सौरभ तिवारी तथा ओपनर कुमार देवव्रत का शानदार योगदान रहा। दोनों ने शतकीय पारी खेली। सौरभ अंत तक आउट नहीं हुए।
चौथे दिन 57 ओवर में दो विकेट पर 194 रन से आगे खेलते हुए लंच तक 93 ओवर में दो विकेट पर 278 रन बना लिए थे। इस दौरान कुमार देवव्रत ने 171 गेंद में 97 रन तथा सौरभ तिवारी ने 170 गेंद में 73 रन बनाये। लंच तक हरियाणा के लक्ष्य से 93 रन से पीछे थी। चौथे दिन पहला शतक कुमार देवव्रत ने लगाया। देवव्रत ने 308 गेंद पर 20 चौके व 3 छक्के की मदद से 161 रन बनाये। झारखंड का तीसरा विकेट कुमार देवव्रत के रूप में गिरा। देवव्रत को हरियाणा के टिनू कुंडू ने शिवम चौहान के हाथों लपकवाया।
सौरव भी रहे नाबाद
उनके साथ खेल रहे टीम के कप्तान सौरभ तिवारी अंत तक नाबाद रहे। सौरभ ने 255 गेंद पर 20 चौके व 2 छक्के की मदद से 152 रन बनाये। खेल समाप्त होने तक झारखंड 119.1 ओवर 5 विकेट 408 रन बना चुका था। मैच ड्रा रहा। गेंदबाजी करते हुए हरियाणा के हर्षल पटेल को एक, अमित राना और टिंकू कुंडू ने दो-दो विकेट झटके। पहली पारी में बढ़त के आधार पर झारखंड को तीन और हरियाणा को एक अंक मिले।