जमशदेपुर के युवक ने बुधवार को की खुदकुशी, गुरूवार को कोरोना पॉजिटिव आई रिपोर्ट Jamshedpur News
परसुडीह थाना क्षेत्र बारीगोड़ा निवासी अमित कुमार सिंह ने बुधवार मध्यरात पंखे के सहारे फांसी लगा खुदकुशी कर ली। पत्नी से विवाद और आर्थिक तंगी के कारण वह तनाव में था।
जमशेदपुर (जासं) । परसुडीह थाना क्षेत्र बारीगोड़ा निवासी अमित कुमार सिंह ने बुधवार मध्यरात पंखे के सहारे फांसी लगा खुदकुशी कर ली। पत्नी से विवाद और आर्थिक तंगी के कारण वह तनाव में था। ठेका मजदूरी का काम करता था। पुलिस ने शव का कोरोना जांच कराया जिसमें वह पॉजिटीव पाया गया। अमित सिंह की 2018 में शादी सृष्टि सिंह से हुई थी। पारिवारिक विवाद के कारण विवाह के कुछ माह बाद ही पत्नी गिरीडीह मायके चली गई जिसकी वजह से अमित सिंह तनाव में था। केस-मुकदमा भी चल रहा था।
विगत कुछ दिनों से काम नहीं मिलने से आर्थिक तंगी से परेशान था। इलाज भी चल रहा था। उसके पिता राजकिशोर सिंह उर्फ मंटू सिंह की विगत पांच जनवरी को हत्या कर दी गई थी। सोपोडेरा छठ घाट तालाब के पास शव बरामद किया गया था। अमित सिंह ने पिता की हत्या का आरोप पत्नी सृष्टि सिंह, ससुर अजय सिंह और ससुराल पक्ष के खिलाफ लगाते हुए परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। हत्यारों तक पहुंचने में पुलिस असफल रही।