गोलपहाड़ी के बच्चे की मौत पर सीएम ने लिया संज्ञान, मुआवजे का आदेश
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्विटर के माध्यम से जानकारी मिली कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद इलाज के अभाव में गोलपहाड़ी निवासी सागर पात्रों (10) की मृत्यु हो गई।
जेएनएन, जमशेदपुर/रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को ट्विटर के माध्यम से जानकारी मिली कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद इलाज के अभाव में गोलपहाड़ी निवासी सागर पात्रों (10) की मृत्यु हो गई। किशोर के हृदय में छेद था। उसकी मृत्यु पर परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करते हुए उन्होंने पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त को निर्देश दिया कि मृतक के परिवार को तत्काल मुआवजा मुहैया कराया जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि झारखंड के प्रत्येक घर को चिकित्सा सुविधा मिले। आदेश मिलने के बाद पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के निदेश के तहत हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभी उपायुक्तों को आदेश दिया है कि वे स्वास्थ्य, शिक्षा और जनकल्याण के कार्यो को प्राथमिकता बनाएं। इसमें किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यमंत्री ने लगातार मिल रही शिकायतों के मद्देनजर फौरी कार्रवाई कर राहत पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी रखा है। मंगलवार को उन्होंने चतरा के उपायुक्त को इसी संदर्भ में आदेश दिया। मुख्यमंत्री को शिकायत मिली थी कि चतरा के अधीन भुईयां का इलाज सही तरीके से नहीं हो पा रहा है। उन्होंने तत्काल इस बाबत उपायुक्त को निर्देशित किया। कहा, तत्काल इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी उपायुक्त स्वास्थ्य, शिक्षा और जन-कल्याण पर जोर देते हुए प्रशासन को जनता की समस्याओं के समाधान के प्रति अधिकाधिक संवेदनशील बनाएं।
--
स्व. सागर पात्रों के घर पहुंचे मंगल कालिंदी
जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी मंगलवार सुबह गोल पहाड़ी निवासी स्व. सागर पात्रों के आवास पहुंचे और शोक संप्तत परिवार को सांत्वना दी। वार्ता के दौरान ही विधायक को मालूम चला कि सागर के छोटे भाई की भी तबीयत खराब है। इस पर विधायक मंगल कालिंदी ने उसके इलाज की पूरी जिम्मेदारी स्वयं ली। इससे पहले विधायक सदर अस्पताल पहुंचकर सिविल सर्जन से स्व. सागर को किस तरह का इलाज दिया जा रहा था, इसकी पूरी जानकारी प्राप्त की।