प्रेमजाल में फांस यौन शोषण करने के बाद प्रेमी ने दूसरी से की शादी, आहत प्रेमिका ने दी जान
प्रेमी ने प्रेमजाल में फांसकर प्रेमिका का छह साल तक यौन शोषण किया। इसके बाद उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली। बेवफाई से आहत प्रेमिका (22) ने खुदकशी कर ली।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : प्रेमी ने प्रेमजाल में फांसकर प्रेमिका का छह साल तक यौन शोषण किया। इसके बाद उसने दूसरी लड़की से शादी कर ली। बेवफाई से आहत प्रेमिका (22) ने खुदकशी कर ली।
घटना मंगलवार सुबह की है। एमजीएम थाना क्षेत्र के भिलाई पहाड़ी इलाके की युवती ने प्यार में धोखा खाने के बाद यह कदम उठाया। मृतक के चाचा के बयान पर पड़ोस में रहने वाले युवक रतन कुंडू उर्फ प्रमोद कुंडू के खिलाफ खुदकशी के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज कराया गया है।
चाचा ने पुलिस को बताया कि मृतका की मा देवघर जिले में सरकारी कर्मचारी है। वहीं पिता की मृत्यु हो चुकी है। मृतक की चार बहनें हैं। पढ़ाई लिखाई वह उनके (चाचा के) घर पर रहकर कर रही थी। पड़ोस के रहने वाले रतन से बीते सात साल से उसका प्रेम संबंध था। बीते दिनों रतन ने शादी कर ली, जिससे युवती आहत थी। इसी बात को लेकर उसने मंगलवार की सुबह उसने घर पर दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगाकर खुदकशी कर ली। मृतका की मा को घटना की सूचना दे दी गई है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम होगा।
--
पुलिस ने हिंदी और बंगला में सुसाइड नोट किया बरामद
पुलिस ने घटना स्थल से दो सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसमे एक हिंदी और दूसरा बंग्ला भाषा में लिखा गया है। नोट में युवती ने लिखा है कि उसकी जिदंगी रतन ने बर्बाद कर दी है। सात साल तक यौन शोषण किया। धोखा में रखकर दूसरी जगह शादी कर ली। उसे हर हाल में सजा मिलनी चाहिए। फिलहाल रतन फरार बताया जा रहा है। पुलिस रतन के परिजन से पूछताछ कर रही है। सुसाइड नोट को पुलिस ने सील कर दिया है।