अब सोशल साइट पर हो रही वर्चुअल छेड़खानी, तरीके कर देंगे हैरान
बदलते जमाने के साथ-साथ अब छेड़खानी का तरीका भी बदल गया है। अब सोशल साइट्स पर छेड़खानी करने के नए-नए तरीके मनचले आजमा रहे हैं।
जमशेदपुर, रोहित कुमार। बदलते जमाने के साथ-साथ अब शहर में छेड़खानी का तरीका भी बदल गया है। अब सोशल साइट्स पर छेड़खानी करने के नए-नए तरीके मनचले आजमा रहे हैं। कोई अश्लील वीडियो भेज छेड़खानी कर रहा तो कोई लड़कियों की असली फोटो से उनका चेहरा काट अश्लील फोटो में एडिट कर उन्हें बदनाम कर रहा। कुल मिलाकर छेड़खानी के वर्चुअल तरीके अब ये बदमाश खूब आजमा रहे हैं।
आए दिन साइबर थाने में सोशल मीडिया के जरिए छेड़खानी किए जाने के ऐसा मामले आ रहे हैं। इसमें ज्यादातर ऐसी युवतियों को शिकार बनाया जा रहा है जो या तो स्कूल में पढ़ती हैं या कॉलेज में। महिला थाना और साइबर थाना में आई शिकायतों की बात की जाए तो वर्ष 2018 में कुल 115 मामले ऐसे आए जिसमें युवतियों को सोशल मीडिया पर किसी न किसी तरीके से परेशान किया गया। वहीं साल 2019 में जून महीने तक ऐसे 52 मामले आ चुके हैं। मई 2019 में एक मामला ऐसा आया था जहां युवती ने सोशल साइट पर अश्लील मैसेज से तंग आकर जहर खा लिया था। बाद में युवती के परिजन उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लेकर गए, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
महिलाओं से ज्यादा युवतियां हो रहीं शिकार
साल 2019 में दर्ज मामलों की बात की जाए तो 52 मामलों में 35 मामले ऐसे थे जिनकी शिकार ऐसी युवतियां थीं जो स्कूल या कॉलेजों में पढ़ने वाली थीं। वहीं 17 मामलों में महिलाएं इसकी शिकार हुईं। इनमें ऐसी महिलाएं शामिल हैं जो घर से बाहर काम करने जाती हैं।
क्या कहते हैं साइबर एक्सपर्ट
साइबर थाना प्रभारी का कहना है कि इस मामले में आइटी एक्ट और आइपीसी की धारा 354 के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई जा सकती है। मामले को साइबर क्राइम की सूची में रखा जाता है। इसके तहत अलग अलग मामलों में सजा का भी प्रावधान है।
सोशल साइट्स पर इनसे बचें
- सोशल साइट पर किसी अंजान से दोस्ती न करें।
- सोशल साइट पर अपने दोस्तों की सूची को कम ही रखें।
- सोशल साइट्स का अनावश्यक इस्तेमाल न करें।
केस 1
6 जून को बारीडीह की रहने वाली एक युवती के फेसबुक पर एक युवक द्वारा फेक आइडी बना कर अश्लील वीडियो और फोटो भेजा जा रहा था। युवती के ब्लॉक करने के बाद भी युवक दूसरी आइडी बना कर उसे परेशान करता था। तंग आकर युवती ने साइबर थाना में इसकी शिकायत की थी।
केस 2
1 जून 2019 को गोलमुरी की रहने वाली युवती ने साइबर थाने में शिकायत की थी कि उसके नाम और फोटो के साथ फेक आइडी बना कर सोशल साइटस पर फैलाया जा रहा है। साथ ही फोटो के साथ छेड़छाड़ कर फैलाया जा रहा है। केस 3 मई 2019 में गम्हरिया की एक युवती ने फेसबुक पर मैसेज से तंग आकर जहर खा लिया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी। युवती ने गम्हरिया थाना और साइबर थाना में भी इसकी लिखित शिकायत की थी।