Lockdown : लॉकडाउन में रेलवे को नो टेंशन, चक्रधरपुर मंडल का ई ऑफिस शुरू Jamshedpur News
लॉकडाउन जैसे हालात के लिए यह व्यवस्था वरदान की तरह है। अब रेल कर्मचारी आराम से वर्क फ्रॉम होम के तहत कार्यालय के कामकाज को दूर बैठे निपटा सकते हैं।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। देशव्यापी लॉकडाउन के बावजूद चक्रधरपुर व खडग़पुर रेल मंडलों के कार्यालयी कामकाज नई व्यवस्था के तहत संचालित किए जा रहे हैं। वह है ई ऑफिस।
इसकी खासियत यह है कि बिना अपने कार्यालय गए तमाम अधिकारी व कर्मचारी जरूरी फाइलों को निपटा रहे हैं। इसे कामकाज के डिजिटलीकरण का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
क्षेत्रीय मुख्यालय और तीन मंडलों को मिलाकर 3724 यूजर्स
दरअसल, ई ऑफिस के व्यवस्थित तरीके से कार्य करने के लिए एक ऐसा सिस्टम तैयार किया गया है जिसमें क्षेत्रीय मुख्यालय और तीन मंडलों को शामिल करते हुए कुल 3725 यूजर्स बनाए गए हैं। ये सभी यूजर्स तमाम फाइलों को डिजिटल प्लेटफार्म पर निपटाने का काम कर रहे हैं। अभी तक चक्रधरपुर व खडग़पुर मंडल का ई ऑफिस शुरू हुआ है। जल्द ही आद्रा मंडल में भी ई ऑफिस काम करना शुरू कर देगा।
लॉकडाउन जैसे हालात के लिए वरदान साबित हो रहा ई ऑफिस
सबसे खास बात यह है कि लॉकडाउन जैसे हालात के लिए यह व्यवस्था वरदान की तरह है। अब ई ऑफिस के जरिए संबंधित विभागों के कर्मचारी आराम से वर्क फ्रॉम होम व्यवस्था को अपनाते हुए अपनी जिम्मेदारियों को अंजाम दे सकते हैं।
बढ़ेगी पारदर्शिता, मानव बल का होगा समुचित उपयोग
डिजिटल प्लेटफार्म का उपयोग किए जाने का एक फायदा यह भी होगा कि समय पर फाइलों का निपटारा तो होगा ही, इस कार्यालय से उस कार्यालय ढोने की जरूरत नहीं रहेगी। किसी जरूरी फाइल के खो जाने का डर भी नहीं रहेगा।
वैसे ई ऑफिस सिस्टम को पूरे भारतीय रेल में लागू किया जाना है। इस कार्य को नेशनल इंफोमेटिक्स सेंटर (एनआइसी) व रेलटेल ने एक बड़ी चुनौती के रूप में लिया है जिसे अंजाम दिया जाना शुरू हो चुका है। सभी मैनुअल फाइलों को डिजिटल फार्म में तब्दील किया जाएगा।
रेलटेल के साथ किया गया था एमओयू
वर्ष 2019 के मार्च महीने में रेलटेल व भारतीय रेल के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए थे। इसके तहत ई ऑफिस के लिए कार्य मार्च 2020 तक पूरा कर लिया जाना था। दक्षिण-पूर्व रेलवे के क्षेत्रीय मुख्यालय रांची के अधीन इस कार्य को केवल छह माह की अवधि में पूरा किया गया है।