Navratri Durga Puja : दुर्गापूजा के दौरान इंटरनेट मीडिया पर रहेगी प्रशासन की नजर, ये रही गाइडलाइन
Navratri Durga Puja दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन 15 अक्टूबर शुक्रवार को होगा। इसमें कोई जुलूस डीजे आदि नहीं होना है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक विसर्जन कर देना है। 14 व 15 अक्टूबर को शराब दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। दुर्गापूजा को लेकर पूर्वी सिंहभूम के उपायुक्त सूरज कुमार ने विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किया है, जिसमें क्षेत्रवार दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति के साथ उनके फोन नंबर जारी किए गए हैं। इसमें सभी थाना प्रभारी व दंडाधिकारी से कोविड-19 के नियमों का अनुपालन कराने का निर्देश दिया है। इंटरनेट मीडिया पर विशेष नजर रहेगी। किसी भी सांप्रदायिक विद्वेष फैलाने वाले पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सभी दंडाधिकारियों को बताया गया है कि पूजा पंडाल तीन ओर से घिरे रहेंगे।
कहीं आर्केस्ट्रा, गरबा, भजन संध्या या सांस्कृतिक कार्यक्रम नहीं होंगे। लाउडस्पीकर पर मंत्रोच्चार के अलावा कोई भजन-गाना नहीं बजाया जाएगा। लाउडस्पीकर की आवाज भी शोर करने वाली नहीं होगी। नवमी व दशमी को शराब दुकान बंद रहेगी। साकची थाना परिसर में जिला कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा, जहां कोई भी शिकायत या सूचना दी जा सकेगी।
15 को होगा विसर्जन, दो दिन बंद रहेगी शराब दुकान
उपायुक्त के आदेश में कहा गया है कि दुर्गा प्रतिमा का विसर्जन 15 अक्टूबर शुक्रवार को होगा। इसमें कोई जुलूस, डीजे आदि नहीं होना है। सुबह 10 से शाम पांच बजे तक विसर्जन कर देना है। 14 व 15 अक्टूबर को शराब दुकानें बंद रहेंगी। इस दौरान अलग-अलग स्थानों पर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे। इस दौरान साकची में शीतला मंदिर से आमबगान मैदान की ओर जाने वाली सड़क बंद रहेगी। इस दौरान पैदल भी किसी को जाने नहीं दिया जाएगा। सभी पूजा कमेटी अपने नजदीकी नदी घाट के रास्ते से प्रतिमा विसर्जन करने जाएंगी।