जमशेदपुर के डिमना लेक के समीप फायरिंग, बाइक सवार बदमाशों ने युवक को मारी गोली
जमशेदपुर से सटे डिमना लेक के समीप बुधवार को गोलियां चली। बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को रोककर गोली मार दी। उसे गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुराने विवाद को लेकर वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आयी है।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। जमशेदपुर में अपराध की घटनाएं थम नहीं रही है। शहर के मानगो से सटे बोड़ाम थाना क्षेत्र के डिमना लेक के पास दो बदमाशों ने युवक रियाज खान पर फायरिंग कर दी। गोली उसके जांघ में लगी। उसे एमजीएम अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वह उलीडीह हयातनगर का निवासी है। घटना बुधवार सुबह की है।
घटना को अंजाम देने के बाद बदमाश बाइक से ही डिमना की ओर फरार हो गए। रियाज ने पुलिस को बताया कि वह डिमना लेक की ओर टहलने गया था, तभी अचानक बाइक सवार दो युवक आए और उसे रोककर सीने में पिस्टल सटा दी। हाथापाई होने लगी। एक गोली चल गई। पुलिस मामले की सत्यता की जांच कर रही है। गोली उसके जांघ में लगी। वह एक बाइक सवार से लिफ्ट मांगकर एमजीएम अस्पताल पहुंचा।
पुराना विवाद है कारण
उसने बताया कि सन्नी ने उसे पूर्व में हत्या के एक केस में फंसा दिया था, जिसमें गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे रिमांड होम भेज दिया था। इसी मामले में वह समझौता कराने के लिए उससे 10 लाख रुपए की भी मांग कर रहा था। पुरानी रंजिश के कारण सन्नी ने उसकी हत्या की नियत से उसपर फायरिंग की है। वही बोड़ाम थाना की पुलिस मामले की जांच को डिमना लेक पहुचीं। पुलिस का कहना है घायल युवक के बयान की सत्यता जानने का प्रयास किया जा रहा है। आराेपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। उधर, जमशेदपुर के एसएसपी एम तमिल वणन ने कहा कि मामला संदेहास्पद है। घायल युवक हत्या मामले में जेल जा चुका है।