चेन्नईयन स्ट्राइकर वाल्किस पर जेएफसी की नजर, जल्द हो सकता है अनुबंध Jamshedpur News
मेन ऑफ स्टील जल्द ही इस लिथुआनियाई खिलाड़ी को अनुबंधित कर सकता है। दोनों के बीच बातचीत अंतिम चक्र में है।
जमशेदपुर (जासं)। आयरिश कोच ओवेन कोल के बाद जमशेदपुर एफसी अब चेन्नईयन एफसी के मुख्य स्ट्राइकर नेरिजस वाल्किस पर नजरें टिकाए है। मेन ऑफ स्टील जल्द ही इस लिथुआनियाई खिलाड़ी को अनुबंधित कर सकता है। दोनों के बीच बातचीत अंतिम चक्र में है। 33 वर्षीय स्ट्राइकर ने 2019-20 में इंडियन सुपर लीग (आइएसएल) में गोल्डन बूट का पुरस्कार अपने नाम किया। गत सीजन में चेन्नईयन एफसी की ओर से खलेते हुए वाल्किस ने 20 मैच में 15 गोल किए हैं, जबकि छह गोल करने में सहायक की भूमिका निभाई। गौरतलब है कि जमशेदपुर एफसी के कोच ओवेन कोल पिछले सीजन में चेन्नईयन एफसी के कोच रहे थे।
वाल्किस ने पिछले सीजन में चेन्नईयन के हमले की अगुवाई की और ओवेन कोल के नेतृत्व में टीम की आक्रामकता को वापस दिलाने में महती भूमिका निभाई। यही कारण है कि टीम फाइनल तक का सफर तय कर सकी। वाल्किस अब मुख्य कोच के साथ फिर से जुडऩे के लिए तैयार हैं, जो हाल ही में जमशेदपुर में शामिल हुए थे। पूर्व बोल्टन वांडरर्स प्रबंधक ओवेन कोल ने हाल ही में जमशेदपुर एफसी के साथ दो साल का समझौता किया है। दूसरी ओर, गत सीजन में जमशेदपुर एफसी का सीजन की सकारात्मक शुरुआत रही, लेकिन अंत निराशाजनक रहा। इसका प्रमुख कारक मुख्य खिलाडिय़ों का चोटिल होना रहा। यही कारण रहा कि टीम लगातार तीसरे सीजन के लिए प्ले-ऑफ के मौके से चूक गई।