सूर्य मंदिर विवाद में उपायुक्त ने बनाई जांच कमेटी, पार्टी का नाम लेने पर भाजमो ने जताई आपत्ति Jamshedpur News
Sun Temple Jamshedpur Dispute. भाजमो के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने लिखित बयान में कहा है कि उपायुक्त को इसमें पार्टी का नाम नहीं लिखना चाहिए था। यह सत्य से बिलकुल विपरीत और पूरी तरह गलत है। यह विवाद भाजपा और भाजमो के बीच का नहीं है।
जमशेदपुर, जासं। भाजमो जिला अध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने कहा कि सूर्य मंदिर विवाद में उपायुक्त ने जो जांच समिति बनाई है, उसमें कहा गया है कि सूर्य मंदिर से संबंधित मामले में भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जन मोर्चा के पदाधिकारियों के द्वारा ज्ञापन समर्पित किया गया है। इसमें दोनों पक्षों के द्वारा सूर्य मंदिर परिसर में अवस्थित पार्क एवं भवन के संचालन के संबंध में शिकायत की गइ है, जिससे टकराव की स्थिति उत्पन्न है। भाजमो को पार्टी का नाम लेने पर आपत्ति है।
भाजमो के जिलाध्यक्ष सुबोध श्रीवास्तव ने लिखित बयान में कहा है कि उपायुक्त को इसमें पार्टी का नाम नहीं लिखना चाहिए था। यह सत्य से बिलकुल विपरीत और पूरी तरह गलत है। यह विवाद भाजपा और भाजमो के बीच का नहीं है। यह तो सूर्य मंदिर कमेटी के बीच का मामला है। उपायुक्त से आग्रह है कि इसे भाजपा और भाजमो की लड़ाई की संज्ञा ना देकर इसमें सुधार करने का कष्ट करें।
एडीएम व सिटी एसपी के नेतृत्व में नौ सदस्यीय कमेटी
उपायुक्त सूर्य मंदिर मामले में एडीएम नंदकिशोर लाल व सिटी एसपी सुभाषचंद्र जाट के संयुक्त नेतृत्व में जो जांच कमेटी बनाई है, उसमें अन्य सात अधिकारी शामिल हैं। कमेटी में इन दोनों अधिकारियों के अलावा अपर पुलिस अधीक्षक-नगर, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला पर्यटन पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता-धालभूम, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय-1, जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला अवर निबंधक, अंचल अधिकारी व अंचल निरीक्षक जमशेदपुर शामिल हैं। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सूरज कुमार द्वारा छह मार्च को जारी आदेश में कमेटी से एक सप्ताह के अंदर जांच रिपोर्ट समर्पित करने को कहा गया है।