Jamshedpur Coronavirus Latest Update : जमशेदपुर में कोरोना के 34 नए मामले आए सामने, बाराद्वारी में एक ही परिवार के छह लोग पॉजिटिव
Jamshedpur Coronavirus Latest Update. अभी भी वक्त है संभल जाए नहीं तो बडी मुसीबत गले पडेगी। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दो हजार 699 लोगों की ताजा जांच हुई इनमें 34 नए मरीज मिले। इनमें ३३ जमशेदपुर शहर के हैं।
जमशेदपुर, जासं। Jamshedpur Coronavirus Update झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को दो हजार 699 लोगों की जांच हुई इनमें 34 नए मरीज मिले। 33 शहरी क्षेत्र व एक मरीज घाटशिला प्रखंड के रहनेवाले हैं।
जमशेदपुर शहर के बाराद्वारी में एक ही परिवार के छह लोग पॉजिटिव मिले हैं। साथ ही कदमा में पांच, सोनारी में तीन व साकची में सात लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं, तीन हजार 267 लोगों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट शनिवार तक आने की संभावना है। साथ ही विभिन्न कोविड अस्पतालों में भर्ती 16 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अभी तक 18 हजार 584 लोग संक्रमित हो चुके हैं। इसमें 18 हजार 19 लोग स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं। वहीं, कोरोना से अभी तक 375 लोगों की मौत हो चुकी हैं।
साढ़े नौ हजार से अधिक लोगों ने ली कोरोना वैक्सीन की पहली डोज
पूर्वी सिंहभूम जिले में बुधवार को नौ हजार 800 लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली। सबसे अधिक घाटशिला में कुल एक हजार 379 लोगों ने वैक्सीन ली। वहीं, 568 लोगों ने दूसरी डोज ली। सबसे अधिक जुगसलाई में एक हजार 379 लोगों ने वैक्सीन ली। जिले में अभी तक कुल 66 हजार 618 लोगों ने वैक्सीन ली है। बीते एक सप्ताह से ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से टीका लेने वालों की संख्या बढ़ी है। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से विशेष जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।