Jamshedpur Bonus Bazar: इस बार 500 करोड़ रुपये का बोनस बाजार
Jamshedpur Bonus Bazar झारखंड की लौहनगरी में टाटा स्टील टाटा मोटर्स टिनप्लेट टाटा ब्लूस्कोप टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट टिस्को ग्रोथ शॉप सहित कई बड़ी कंपनियां संचालित हैं। ये पूरी जानकारी। ये आपको पढना चाहिए।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। लौहनगरी में टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, टिनप्लेट, टाटा ब्लूस्कोप, टाटा स्टील डाउनस्ट्रीम प्रोडक्ट्स, टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट, टिस्को ग्रोथ शॉप सहित कई बड़ी कंपनियां संचालित हैं। इसके अलावा यहां कंपनी द्वारा संचालित सोसाइटी, होटल, क्लब व रेस्टोरेंट भी हैं जिसमें कार्यरत कर्मचारियों को भी उत्पादन करने वाली कंपनियों की तरह बोनस मिलता है।
इनमें से अधिकतर कंपनियों में बोनस हो चुका है। बोनस का पैसा भी कर्मचारियों के बैंक खाते में पहुंच चुका है या 30 सितंबर तक पहुंचने वाला है। ऐसे में इस बार जमशेदपुर के बाजार में बोनस बाजार की जबदस्त धूम रहेगी।
किस कंपनी में कितना हुआ बोनस
टाटा स्टील : 270 करोड़
- टिस्को ग्रोथ शॉप : 1.2 करोड़
- कैपल : 80 लाख
- टाटा मोटर्स : 40 करोड़
- आइएसडब्ल्यूपी व जेम्को : 2.49 करोड़
- टाटा पिगमेंट : 28 लाखटिनप्लेट : 5.37 करोड़
- टाटा कमिंस : 6.1 करोड़जुस्को : 6.43 करोड़
- टाटा स्टील लांग प्रोडक्ट : 2.60 करोड़
दो लाख से अधिक हैं ठेका कर्मचारी, जिन्हें मिलेगा 8.33 बोनस
जमशेदपुर एक औद्योगिक नगरी है। यहां सभी बड़ी कंपनियों सहित आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में लगभग 1400 कंपनियां संचालित हैं। इनमें लगभग दो लाख से अधिक ठेका श्रमिक हैं। इन्हें भी अपने पूरे वार्षिक कार्यदिवस के अनुसार 8.33 प्रतिशत बोनस मिलना तय है। ऐसे में इन कर्मचारियों के मद में भी 200 करोड़ बोनस का पैसा आएगा।
बाइ-सिक्स कर्मचारियों को भी 8.33 बोनस
टाटा मोटर्स में 3700 बाइ-सिक्स कर्मचारी हैं। कंपनी में हुए बोनस समझौते के तहत इन्हें भी उनकी उपस्थिति के आधार पर 8.33 प्रतिशत बोनस मिलेगा।
मिलता है डबल वेतन, खरीदारी की है परंपरा
जमशेदपुर के बोनस बाजार को लेकर शहर के व्यापारी वर्ग में गजब का उत्साह रहता है क्योंकि बोनस के रूप में कर्मचारियों को डबल वेतन मिलता है। ऐसे में दुर्गा पूजा, धनतेरस और दीपावली से पहले यहां खरीदारी की परंपरा है। इस दौरान कई परिवार अपनी बेटी की शादी के लिए आभूषण खरीदते हैं। कई परिवार अपने लिए कार या बच्चों के लिए स्कूटी व मोटर साइकिल, घरेलू उपकरण के रूप में कंज्यूमर उत्पाद खरीदते हैं। यानि हर साल कुछ न कुछ खरीदने की परंपरा है।
बाजार में होगी ऑफरों की भरमार
बोनस के बाद बाजार में ऑफरों की भरमार होती है। अधिकतर कंपनियों ग्राहकों को लुभाने के लिए कई तरह के ऑफर व छूट देती है। इसे लेकर शहर के बाजार में इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, ऑटो मोबाइल, रियल स्टेट, गारमेंट्स, मोबाइल, सोना-चांदी बाजार में जबदस्त खरीदारी होती है।