Bengal Assembly Election 2021: जमशेदपुर के भाजपा नेता दिनेश कुमार ने इंदस विधानसभा में किया प्रचार-प्रचार
Bengal Assembly Election 2021. भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि बंगाल में परिवर्तन की लहर को देखकर तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हिंसा पर उतर आये हैं। कहा कि आने वाले दिनों के लिए यह कदापि शुभ संकेत नहीं माना जा सकता।
जमशेदपुर, जासं। भारतीय जनता पार्टी के इंदस विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी निर्मल धारा के समर्थन में पश्चिम बंगाल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष ने चुनावी सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने बंगाल परिवर्तन के नारे को बुलंद करते हुए विकास के लिए भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया। इस दौरान इंदस विधानसभा के चुनाव प्रभारी जमशेदपुर महानगर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार भी मौजूद रहे।
चुनावी सभा को दिनेश कुमार ने भी संबोधित किया। इस दौरान विष्णुपुर सांसद सौमित्रा खान, प्रत्याशी निर्मल धारा भाजपा जिला अध्यक्ष सुजीत अगस्ती एवं स्थानीय वरीय भाजपा नेताओं की मौजूदगी रही। विदित हो कि इंदस विधानसभा में दूसरे चरण में चुनाव होना है। एक अप्रैल को मतदान की तिथि सुनिश्चित है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि बंगाल में परिवर्तन की लहर को देखकर तृणमूल कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता हिंसा पर उतर आये हैं। कहा कि आने वाले दिनों के लिए यह कदापि शुभ संकेत नहीं माना जा सकता। कहा कि भाजपा के तीन वरीय नेताओं पर हमला करने की कोशिश हुई है, उनके कार्यक्रमों को बाधित करने का दुस्साहस हुआ है। कहा कि प्रशासनिक तंत्र को राजनीतिक विद्वेष के साथ इस्तेमाल करने की निंदनीय परंपरा को टीएमसी ने बंगाल में शुरू की है।