मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में मेकओवर अवार्ड विजेता जयश्री बोली, सपने साकार करना है तो कदम बढ़ाएं
झारखंड के चाकुलिया की जयश्री साहू ने मिसेज प्रतियोगिता में मेकओवर अवार्ड हासिल किया। आइए जानिए उनकी सफलता के राज।
चाकुलिया (पूर्वी सिंहभूम), पंकज मिश्रा। मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में मेकओवर अवार्ड विजेता जयश्री ने कहा कि सपने साकार करना है तो कदम आगे बढ़ाएं। छोटे शहर या गांव का होना कोई मायने नहीं रखता। अपने सपने को पूरा करने के लिए खुद को तैयार करें। बाकी सारी चीजें खुद-ब-खुद होती जाएंगी। जयश्री साहू झारखंड के चाकुलिया प्रखंड के कालापाथर गांव की रहनेवाली है।
रविवार की रात दिल्ली के समीप गुरुग्राम में आयोजित मिसेज इंडिया प्रतियोगिता में भाग लेकर मुंबई लौटने के बाद जयश्री ने दैनिक जागरण से खास बातचीत की। कालापाथर से निकलकर मिसेज इंडिया प्रतियोगिता के फाइनल तक के सफर को साझा करते हुए जयश्री ने बताया कि बचपन से ही कुछ करने एवं अलग पहचान बनाने का सपना मन में था। टीवी पर मॉडलों को देखना अच्छा लगता था। लेकिन गांव में कुछ कर पाना संभव नहीं था। शादी के बाद जब पति के साथ सपनों की नगरी मुंबई पहुंची तो मैंने खुद को तैयार करने एवं भाग्य आजमाने का निर्णय लिया।
जागरण फिल्म फेस्टिवल में मिला था मौका
बातचीत के क्रम में जयश्री ने बताया कि सबसे पहले 2015 में मैंने एक शॉर्ट फिल्म ‘गिफ्ट’ की थी जिसे मुंबई में जागरण फिल्म फेस्टिवल के लिए चयनित किया गया था। इसके बाद यशराज फिल्म के लिए भी ऑडिशन दिया था और उसमें चयन भी हो गया था। पर वह प्रोजेक्ट कैंसिल हो गया। इसके बावजूद मैंने प्रयास जारी रखा। आखिरकार मिसेज इंडिया 2019 प्राइड ऑफ नेशन प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन आवेदन दिया और ऑडिशन में मेरा चयन हो गया। भविष्य की योजना के बाबत पूछने पर जयश्री ने बताया कि आगे वह मिसेज झारखंड एवं मिसेज महाराष्ट्र प्रतियोगिता में भी शिरकत करेंगी।
मन में ठान ले तो हर चीज संभव
जयश्री ने कहा कि इंसान अगर मन में ठान ले तो कुछ भी कर सकता है। हम जैसी आम घरेलू महिलाओं को शुरू में पारिवारिक बाधा आड़े आती है लेकिन अगर आपने काबिलियत हो और आप खुद को तैयार कर लें तो परिवार के लोग भी मान जाते हैं। जयश्री ने कहा कि वह छोटे शहर एवं गांव की महिलाओं के लिए प्रेरणा बनना चाहती हैं ताकि वह कभी निराश ना हो। अपने सपने को जीने का हर संभव प्रयास करें।