International Yoga Day : योग दिवस पर दिखा उत्साह, आम आे खास ने किया योगाभ्यास
International Yoga Day झारखंड के कोल्हान के तीनों जिलों में योग दिवस की धूम है। इस मौके पर योग से निरोग रहने का संकल्प लिया जा रहा है। कोरोना की वजह से हालांकि सामूहिक कार्यक्रमों से परहेज रखा गया है।
जमशेदपुर/ पोटका, जेएनएन। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस सोमवार को झारखंड के कोल्हान में भी धूमधाम से मनाया जा रहा है। तीनों जिलों में आम आे खास ने योग कर निरोग रहने का संकल्प लिया। सरकारी एवं निजी स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए योग दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। पूर्वी सिंहभूम के पोटका में भी योग दिवस पर कार्यक्रम हुए। इसमें सभी सरकारी पदाधिकारी, कर्मचारी, थाना प्रभारी, शिक्षक एवं आम लोगों ने सरकार के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए एक साथ 20 से कम की संख्या में योग किया। कोरोना काल में योग का महत्व काफी ज्यादा बढ़ चुका है l तारा पब्लिक स्कूल हरिवंश नगर हाता में अतंराष्ट्रीय योगा दिवस पर शिक्षक- शिक्षिकाओं के द्वारा स्कूल परिसर में कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए योगाभ्यास किया गया। इस अवसर पर स्कूल के प्राचार्य कमलेश मिश्र ने कहा कि दैनिक जीवन में योग को शामिल करना सबसे स्वास्थ्यप्रद अभ्यासों में से एक है जिसे लोग कभी भी अपना सकते हैं। यह न केवल आपको शारीरिक रूप से स्वस्थ बनाता है बल्कि आपके मन और आत्मा को भी शांत करता है। इस अवसर पर स्कूल के शिक्षक मानस शर्मा, मिहिर गोप, प्रसनजीत विश्वास, अंबुज प्रमाणिक, सपन पात्र, हेमचंद्र पात्र, विश्वामित्र खंडायत शिक्षिका बबिता टुडु, हेमंती महाली आदि मौजूद थे।
इन जगहों पर भी आयोजन
वही पोटका के अंचलाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी इम्तियाज अहमद ने अपने आवास पर, कोवाली थाना प्रभारी अमित रविदास जवानों के साथ थाना परिसर में, पोटका थाना प्रभारी रविंद्र मुंडा थाना परिसर में तथा सीमा गुप्ता अपने परिवार के साथ घरों में ही योग दिवस मनाया।
रघुवर दास ने घर पर किया योग
पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने सोमवार को एग्रिको स्थित आवास पर योग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति का मूल्य उपहार है, जो पूरी दुनिया को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहा है। स्वस्थ, मन एवं शरीर के निर्माण के लिए योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की जरूरत है। योग हमारे शरीर, मन और आत्मा को ऊर्जा देता है। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का थीम योगा फॉर वेलनेस है। कोरोना के समय बड़ी संख्या में लोगों ने योग के महत्व को समझा और इसे अपनाया है। योग को अपनाकर हम स्वस्थ भारत के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं।
करे योग, रहे निरोग।
योग हमारे शरीर, मन और आत्मा को ऊर्जान्वित करता है।#अंतरराष्ट्रीय_योग_दिवस के इस वर्ष की थीम #YogaForWellness है।
कोरोना में योग का महत्व बड़ी संख्या में लोगों ने समझा और अपनाया। योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाइये और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान दीजिये। pic.twitter.com/PrezUy3QpI— Raghubar Das (@dasraghubar) June 21, 2021