जमशेदपुर अक्षेस में बिना होल्डिंग नंबर वाले को भी मिलेगा पानी का कनेक्शन, ये रही जानकारी
water connection in Jamshedpur मोहरदा जलापूर्ति योजना का लाभ लेने से वंचित जमशेदपुर के बिरसानगर बारीडीह बागुननगर बागुनहातु के लगभग 5000 लोगों को जलापूर्ति योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। ये रही पूरी जानकारी।
जमशेदपुर, जासं। करोड़ों रुपये की लागत से बनाए गए मोहरदा जलापूर्ति योजना का लाभ लेने से वंचित बिरसानगर, बारीडीह, बागुननगर, बागुनहातु के लगभग 5000 लोगों को जलापूर्ति योजना का लाभ मिलने का रास्ता साफ हो गया है। इस संबंध में जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने जुस्को को पत्र लिखकर आवश्यक दिशा- निर्देश दिया है।
विशेष पदाधिकारी ने बताया कि जुस्को को निर्देश दिया गया है कि मोहरदा जलापूर्ति योजना का लाभ वैसे घरों में भी दिया जाए जिनका होल्डिंग नंबर नहीं है। विशेष पदाधिकारी के आदेश के बाद अब जल्द ही वैसे घरों में भी जलापूर्ति होने लगेगी जो वर्षों से नल का पानी का इंतजार कर रहे थे। इस संबंध में जानकारी देते हुए जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र सिमिति के विशेष पदाधिकारी कृष्ण कुमार ने बताया कि कुछ तकनीकि खामियों को लेकर असमंजस की स्थिति थी। अब चूंकि विभाग से सहमति मिलने के बाद जल्द ही वैसे घरों में पाइप लाइन से पानी मिलने लगेगा, जो मोहरदा जलापूर्ति योजना से वंचित थे। कृष्ण कुमार ने बताया कि अब जमशेदपुर अक्षेस के अंतर्गत लगभग 5000 घरों में इसका लाभ मिलेगा।
सरयू राय ने उठाया था मामला
जानकारी हो कि जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय ने यह मामला उठाया था। इस संबंध में सरकार को पत्र लिखकर बिना होल्डिंग नंबर वाले घरों को भी पानी देने की मांग की थी। जिसमें विधायक सरयू राय ने कहा था कि सरकार द्वारा जमशेदपुर के लिए नगर निगम या औद्योगिक शहर की घोषणा अभी तक नहीं की गयी है। न तो यहां के निवासियों को भूमि पर मालिकाना हक ही दिया गया है। जमशेदपुर में नगरपालिका का कार्य जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति द्वारा निष्पादित किया जा रहा है। जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को टाटा लीज से बाहर की हुई बस्तियों को होल्डिंग नंबर प्रदान करने का अधिकार सरकार द्वारा अभी तक नहीं दिया गया है। जबकि मानगो नगर निगम के अंतर्गत ऐसी ही श्रेणी के भवनों एवं आवासीय परिसरों को होल्डिंग नंबर दे दिया गया है। इसमें वहां के निवासियों का कोई दोष नहीं है। इसके बाद ही विभाग के दिशा निर्देश पर अब मोहरदा जलापूर्ति परियोजना के तहत बिरसानगर, बारीडीह, बागुननगर, बागुनहातु आदि इलाकों में रहने वाले लोगों को पानी मिलने का रास्ता साफ हो गया।