एचईसी की भट्ठी में गलेंगे थानों में जब्त कर रखे गए अवैध हथियार
झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के थानों में जब्त कर रखे गए अवैध हथियार जल्द ही नष्ट कर दिए जाएंगे। इन्हें एचईसी की भट्ठी में गला दिया जाएगा।
जमशेदपुर[ मनोज सिंह]। झारखंड के पूर्वी सिंहभूम के थानों में जब्त कर रखे गए अवैध हथियार जल्द ही नष्ट कर दिए जाएंगे। ये हथियार हैवी इंजीनियरिंग कॉरपोरेशन (एचईसी) लिमिटेड, रांची की भट्ठी में गला दिए जाएंगे। जमशेदपुर पुलिस ने इसके लिए न्यायालय से अनुमति मांगी है।
जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप बिरथरे ने बताया कि थानों में जब्त अवैध हथियार या न्यायालय में समाप्त हो चुके आम्र्स एक्ट के मामलों में जब्त अवैध हथियार मालखाने में पड़े हैं। उनको गलाया जाना है। हथियारों में देसी कट्टा से लेकर विदेशी पिस्टल, बंदूक, राइफल और कारबाइन तक जब्त हैं।
पहली बार होगा नष्ट
अनूप बिरथरे ने बताया कि जब्त अवैध हथियारों का जखीरा पहली बार नष्ट होगा। अब तक इन्हें नष्ट करने के बारे में सोचा ही नहीं गया था। कहा कि जब मैं थानों का निरीक्षण करता हूं तो मालखाने में मुझे बड़ी संख्या में अवैध हथियार पड़े मिलते हैं। एसएसपी ने बताया कि सभी थानेदारों को अवैध हथियारों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। दो माह में ये हथियार नष्ट कर दिए जाएंगे।
चार थानों के मालखाने में ही 468 हथियार
जिले में वैसे तो 37 थाने हैं, हर थाने के मालखाने में हथियार जमा हैं, लेकिन शहर के चार प्रमुख थानों में ही 468 हथियार मालखाने पड़े हुए हैं। सबसे अधिक सिदगोड़ा 170, बागबेड़ा 152, सोनारी 101 व आजादनगर थाना के मालखाने में 45 जब्त हथियार हैं।