अंतर डीएवी बास्केटबाल में डीएवी बिष्टुपुर का कब्जा
महात्मा हंसराज आर्यन अंतर डीएवी बास्केटबाल प्रतियोगिता हेहल रांची
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : महात्मा हंसराज आर्यन अंतर डीएवी बास्केटबाल प्रतियोगिता हेहल रांची में हुई। इसमें डीएवी रांची जोन की 8 स्कूलों की टीमों ने भाग लिया। बास्केटबाल में डीएवी बिष्टुपुर की बालक व बालिका वर्ग की टीम चैंपियन रही। बालक वर्ग में फाइनल मैच डीएवी बिष्टुपुर व डीएवी एनआइटी के बीच हुआ। इसमें बिष्टुपुर की टीम ने 45-32 से मैच को जीता।
फाइनल मैच में बिष्टुपुर के खिलाड़ी आनस और बेंजिल का योगदान सराहनीय रहा। इन दोनों खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा स्कोर किया। महिला वर्ग में बिष्टुपुर का एनआइटी से मुकाबला हुआ। यह मैच काफी रोमांचक रहा। फाइनल मुकाबले को डीएवी बिष्टुपुर की टीम ने 37-35 से हरा कर प्रतियोगिता पर कब्जा जमाया। टीम के कोच वसीम सर ने छात्रों की मेहनत की सराहना की। स्कूल की प्राचार्य प्रज्ञा सिंह ने भी बालक व बालिका बास्केटबाल टीम को बधाई दी है। इस प्रतियोगिता की जोनल स्तरीय प्रतियोगिता एक नवंबर से बोकारो में आयोजित होगी।