कोरोना मरीज दे रहे संकेत, अलर्ट हो जाए जमशेदपुर Jamshedpur News
चार जुलाई को साकची स्थित स्वर्णरेखा फ्लैट निवासी एक महिला की मौत कोरोना वायरस से हो गई। उनका न तो ट्रेवल हिस्ट्री था और न ही किसी के संपर्क में आई थी।
जमशेदपुर (जागरण संवाददाता)। चार जुलाई को साकची स्थित स्वर्णरेखा फ्लैट निवासी एक महिला की मौत कोरोना वायरस से हो गई। उनका न तो ट्रेवल हिस्ट्री था और न ही किसी के संपर्क में आई थी। 11 जुलाई को साकची पुराना जेल के दो कैदी कोरोना पॉजिटिव मिले। मानगो चेपापुल निवासी एक व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव मिला। इसके साथ ही अब तक 30 से अधिक ऐसे मरीज मिल चुके है जिनका न तो कोई ट्रेवल हिस्ट्री है और न ही वह दूसरे किसी संक्रमित मरीज के संपर्क में आए हैं, जो जमशेदपुर के लिए खतरनाक संकेत है। उधर, विभाग का कहना है कि ये सब मरीज भी किसी न किसी संक्रमित व्यक्ति के चपेट में आकर ही पॉजिटिव हुए हैं, लेकिन वास्तविकता को छुपा रहे हैं या फिर उन्हें याद नहीं है।
इधर, शहर के चिकित्सक भी इसपर बारीकी से नजर बनाए हुए हैं। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए) के पूर्व अध्यक्ष डॉ. आरएल अग्रवाल कहते हैं कि जमशेदपुर में कोरोना लोकल स्तर पर भी फैलने लगा है। इसकी वजह से भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पाबंदी लगाई जा रही है और उसे सैनिटाइज किया जा रहा है। शनिवार से रविवार तक लगभग 28 घंटे शहर के सभी सब्जी बाजार बंद रहे। पूर्वी ¨सहभूम जिले में कोरोना बेकाबू हो गया है। झारखंड में सबसे अधिक मरीज पूर्वी सिंहभूम जिले में कुल 659 हैं।
जानें शहर में किस चरण में है कोरोना - पहला चरण : इसमें ट्रेवल-कंटेक्ट हिस्ट्री होती है। यानी कि संक्रमित देश या राज्य से आए यात्री व उनके संपर्क में आने वाले लोगों में वायरस का खतरा होता है। इसका दायरा सीमित होता है।
दूसरा चरण : इसमें वायरस का लोकल ट्रांसमिशन में हो जाता है। इसका प्रमुख कारण अनजाने में संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आना है। इनकी अनभिज्ञतावश संदिग्ध मरीजों की चेन लंबी हो जाती है। यह चरण विकराल स्थिति की ओर ढकेलता है।
तीसरा चरण : लोकल ट्रांसमिशन के बाद वायरस का प्रसार अनियंत्रित हो जाता है। कई मरीज की हिस्ट्री का रिकॉर्ड नहीं होता है। ऐसे में उन्हें पहचान कर आइसोलेट करना मुश्किल हो जाता है। वायरस वृहद स्तर पर फैलकर कम्युनिटी लेवल पहुंच जाता है।
चौथा चरण : कम्युनिटी स्तर पर फैलने के बाद यह बीमारी अधिकतर आबादी को चपेट में ले लेगी। यह महामारी में तब्दील हो जाएगी। ऐसे में दूसरे चरण पर ही नियंत्रण जरूरी है।
क्या हवा में फैल रहा वायरस
देश-विदेश के कुछ वैज्ञानिकों का दावा है कि हवा में भी कोरोना वायरस फैलता है, जो चिंताजनक है। ऐसे में सवाल खड़े हो रहे हैं कि क्या जमशेदपुर की हवा में कोरोना वायरस फैल सकता है। इसपर चिकित्सकों का कहना है कि अब तक यह पूरी तरह से स्पष्ट नहीं हो सका है कि कोरोना वायरस का संक्रमण हवा के जरिये फैलता है। इसलिए इसपर बोलना ठीक नहीं।