हनुमान जी दिखाएंगे चमत्कार, विधायक सरयू राय ने कहा- अवश्य पकड़े जाएंगे चोर
पुलिस रात में कई बार गश्त भी लगाती है। इसके बावजूद मंदिर में इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई सभी आश्चर्य जता रहे हैं। सरयू राय ने मंदिर में हनुमान जी से प्रार्थना की कि वे अपनी शक्ति से चोरों को पकड़ने में पुलिस की मदद करें।
जमशेदपुर, जासं। मानगो के बड़ा हनुमान मंदिर में आठ सितंबर की रात को चोरी हुई थी, जिसमें चोरों ने दानपेटी और मंदिर का ग्रिल तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये और गहने ले भागे थे। जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय शुक्रवार को मंदिर पहुंचे और पुजारियों से चोरी के संबंध में जानकारी ली। सरयू ने कहा कि चोरों की हिम्मत की दाद देनी होगी, जो उन्होंने दैवीय शक्ति को चुनौती दी है। हालांकि पुलिस पर उन्हें पूरा भरोसा है, लेकिन हनुमान जी भी चमत्कार दिखाएंगे। चोर अवश्य पकड़े जाएंगे।
थाना से 200 मीटर पर मंदिर
मानगो का बड़ा हनुमान मंदिर मानगो थाना से महज 200 मीटर दूरी पर है। पुलिस रात में कई बार गश्त भी लगाती है। इसके बावजूद मंदिर में इतनी बड़ी चोरी कैसे हो गई, सभी आश्चर्य जता रहे हैं। हालांकि इस मामले में अब तक पुलिस के हाथ खाली हैं। सरयू ने मंदिर में हनुमान जी से प्रार्थना की कि वे अपनी शक्ति से चोरों को पकड़ने में पुलिस की मदद करें।
इनकी रही मौजूदगी
इस मौके पर भारतीय जनतंत्र मोर्चा के जिला युवामोर्चा उपाध्यक्ष संतोष भगत, जिला कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद, उलीडीह मंडल के महामंत्री प्रेम सक्सेना, जिला युवामोर्चा मंत्री राजन राजपूत, उलीडीह युवा मोर्चा अध्यक्ष आशीष तिवारी, मानगो मंडल महामंत्री पंकज गुप्ता समेत तमाम भाजमो कार्यकर्ता मौजूद रहे।