Jamshedpur : दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या कर शव को जंगल में फेंका
एमजीएम थाना क्षेत्र में देर रात दुष्कर्म के बाद दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर जंगल में पाया गया।
जमशेदपुर, जागरण संवाददाता। एमजीएम थाना क्षेत्र में देर रात दुष्कर्म के बाद दसवीं कक्षा में पढ़ने वाली नाबालिग की गला दबाकर हत्या कर दी गई। शव घर से करीब पांच सौ मीटर दूर जंगल में पाया गया।
एमजीएम थाना प्रभारी अरविंद कुमार ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है। नाबालिग के शरीर पर जगह-जगह जख्म के निशान पाए गए हैं। गला पर भी निशान हैं। मृतका के परिजन ने पड़ोस की दुकान में रहने वाले रतन सिंह पर शक जताया है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपित घर छोड़कर फरार हो गया है।
फूआ के घर रहकर कर रही पढ़ाई
थाना प्रभारी के अनुसार, मृतका शहर के बिरसानगर थाना क्षेत्र की रहने वाली थी। गरीब होने के कारण वह एमजीएम थाना क्षेत्र में पिछले चार साल से फूआ के घर रहकर पढ़ाई करती थी। पिता कर्नाटक में काम करते हैं। मां मजदूरी कर किसी तरह घर चलाती है। फुफेरे भाइयों ने बताया कि रविवार रात घर पर नामकरण समारोह था। शाम सात बजे से पार्टी शुरू हुई। देर रात पता चला कि नाबालिग गायब है। काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिली। सुबह ग्रामीणों ने घर आकर बताया कि उसका शव जंगल में पड़ा है। उधर, मृतका की छोटी बहन ने बताया कि दीदी उसे शौच के बहाने बाहर लेकर गई थी। वहां पड़ोस की दुकान में रहने वाला रतन सिंह पहले से मौजूद था। दीदी उसके साथ बात करने लगी। जब घर चलने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इसके बाद वह घर चली आई। जब घर वालों ने पूछा तो बता दिया कि पड़ोस वाली दुकान पर काम करने वाले लड़के के साथ है। सभी ने देर रात तक दीदी की खोजबीन की, पर वह नहीं मिली।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप