परिजनों ने कर लिया है रवि का अपहरण
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गांधी नगर की रंजीता मुखी ने बागबेड़ा बजरंग
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित गांधी नगर की रंजीता मुखी ने बागबेड़ा बजरंग टेकरी निवासी रवि वर्मा के लापता होने में उसके परिवार का हाथ बताया है। सोमवार को वरीय पुलिस अधीक्षक अनूप टी मैथ्यू से न्याय मांगने पहुंची रवि की प्रेमिका रंजीता ने एसएसपी को बताया कि वह और रवि वर्मा स्कूल में एक ही कक्षा में पढ़ते थे। दोनों के बीच दोस्ती हुई। विगत एक साल से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। इसकी जानकारी होने पर उसके परिजनों ने उसकी शादी दूसरे लड़के से तय कर दी थी। शादी के एक दिन पूर्व रवि वर्मा के कहने पर वह अपने घर से भाग निकली और छह माह पूर्व दोनों ने गोलपहाड़ी मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद वे पति-पत्नी की तरह गांधी नगर में एक किराये के मकान में रहने लगे। वह जुगसलाई के एक घर में काम कर घर गृहस्थी चला रही थी। रवि बेरोजगार था और काम मिलने पर अपने घर ले जाने की बात कहता था लेकिन, लड़के के घर वालों को वह पसंद नहीं थी। रवि ने पांच अक्टूबर को कोर्ट मैरेज कर घर ले जाने की बात कही थी। विगत शुक्रवार की सुबह रवि अपने घर गया पर लौट कर वापस नहीं आया। रंजीता का आरोप है कि रवि के घर वालों को वह पंसद नही थी। इस वजह से उसके माता- पिता ने रवि का अपहरण करा दिया, ताकि उन दोनों को हमेशा के लिए अलग किया जा सके। एसएसपी ने रंजीता को आश्वासन दिया है कि वे इस मामले की जांच कराएंगे।
इधर, रवि वर्मा के घरवालों ने बागबेड़ा थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है। बताया है कि रवि कई दिनों से बेरोजगार था और अपनी प्रेमिका रंजीता मुखी से शादी कर घर बसाना चाहता था। शुक्रवार की रात घर से खाना खाने के बाद से ही वह लापता है। काफी खोजबीन करने पर भी रवि का कुछ पता नहीं चल पाया।