डीआरएम ने टाटानगर स्टेशन का किया निरीक्षण
वर्टिकल गार्डेन को व्यवस्थित व हरा-भरा रखने का भी निर्देश दिया। मौके पर स्टेशन के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे।
जासं, जमशेदपुर : चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम विजय कुमार साहू ने मंगलवार को टाटानगर स्टेशन का निरीक्षण किया। चक्रधरपुर से टाटानगर स्टेशन पहुंचने के बाद डीआरएम सुबह करीब नौ बजे हल्दीपोखर में बन रहे स्टेशन का निरीक्षण किया। इसके बाद हल्दीपोखर से लौटकर दोपहर 11.30 बजे टाटानगर स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने फुटओवर ब्रिज से तैयार हो रहे सेकेंड इंट्री गेट की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद पार्सल, क्रू-गार्ड लॉबी, स्टेशन पोर्टिको के साथ ही स्टेशन परिसर में बने वर्टिकल गार्डन का भी निरीक्षण किया। पूजा को लेकर स्टेशन पर होने वाली भीड़भाड़ को देखते हुए उन्होंने पार्सल के कर्मचारियों को प्लेटफार्म खाली रखने का आदेश दिया। दरअसल पार्सल के कर्मचारी अक्सर पार्सल के सामानों को प्लेटफार्म पर बिखेर कर रखते हैं। ऐसे में यात्रियों को आवागमन में परेशानी होती है। वर्टिकल गार्डेन को व्यवस्थित व हरा-भरा रखने का भी निर्देश दिया। मौके पर स्टेशन के तमाम पदाधिकारी मौजूद थे। दोपहर में डीआरएम विशेष सैलून से चक्रधरपुर लौट गए। दक्षिण पूर्व रेलवे की महाप्रबंधक अर्चना जोशी दो दिवसीय दौर पर 18 अक्टूबर को टाटानगर स्टेशन आएंगी। डीआरएम का यह दौरान इसी परिप्रेक्ष्य में था।
टाटानगर पहुंचे दपू रेलवे के चीफ सेफ्टी आफिसर, किया निरीक्षण : दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रिसिपल चीफ सेफ्टी आफिसर सुदीप मुखोपाध्याय दो दिनों के दौरे पर मंगलवार सुबह टाटानगर स्टेशन पहुंचे। यहां उन्होंने इलेक्ट्रिक लोको शेड, लोको ट्रैनिग स्कूल, कोचिग डिपो, हंप टावर समेत यार्ड का निरीक्षण किया। इलेक्ट्रिक लोको शेड के अधिकारियों को सेप्टी से संबंधित तकनीकी जानकारी दी। दुर्घटना से बचाव के लिए अधिकारियों को कई टिप्स भी दिए। लोको ट्रैनिग स्कूल की व्यवस्था को देखने के बाद कोचिग डिपो पहुंचे। यहां ट्रेनों के रख-रखाव से संबंधित सवाल अधिकारियों से पूछा। ट्रेन दुर्घटना पर अंकुश लगाने के लिए टाटानगर यार्ड में कहीं कोई खामी तो नही उसको बारिकियों को टटोला। ठंढ में कोहरे के कारण रेलवे ट्रैक पर आने वाली परेशानियों से निजात पाने का उपाय बताया। बुधवार सुबह नौ बजे वे विडो ट्रेलिग इंस्पेक्शन करते हुए सीनी तक जाएंगे। इस दौरान वे ट्रैक की जांच करेंगे। सीनी से दोपहर बाहर बजे आदित्यपुर स्टेशन पहुंचेंगे। यहां वे क्रू लॉबी के साथ आरआरआई का निरीक्षण करेंगे। सीएसओ के निरीक्षण के दौरान मंडल के कई आला अधिकारी मौजूद थे।
आरपीएफ ने बचाई महिला की जान : टाटानगर आरपीएफ पोस्ट पर तैनात एएसआइ डीके शर्मा ने जेम्को आजादनगर की रहने वाली एक महिला की जान बचाई। जो अपने पति से झगड़ा करने के बाद टाटानगर गुड्स एरिया में आकर रेल की पटरी पर सो गई थी। डीके शर्मा की जब नजर महिला पर पड़ी तो उन्होंने वायरलेस से इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी। जिसके बाद पटरी पर आने वाली मालगाड़ी के लोको ड्राइवर को सूचना देकर ट्रेन को रोका गया। पूछताछ के बाद महिला को उसके स्वजनों के हवाले कर दिया गया।
गिधनी स्टेशन पर होगा स्टील एक्सप्रेस का ठहराव : दुर्गा पूजा को देखते हुए 15 से 20 अक्टूबर के बीच 02829-30 हावड़ा टाटानगर स्टील एक्सप्रेस का ठहराव गिधनी स्टेशन पर होगा। दक्षिण पूर्व रेल प्रबंधन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। आदेश के तहत 02829 स्टील एक्सप्रेस गिधनी स्टेशन पर शाम सात बजकर 56 मिनट पर दो मिनट का ठहराव होगा जबकि 02830 अप ट्रेन सुबह सात बजकर 28 मिनट पर ठहराव होगा। वहीं, 02895 हावडा रांची दोपहर तीन बजकर 23 मिनट पर और 02896 रांची हावड़ा स्पेशल दोपहर 12 बजकर 16 मिनट पर दो मिनट के लिए गिधनी स्टेशन पर ठहराव होगा।