Jharkhand Assembly Election 2019 : सरायकेला से गणेश महाली, खरसावां से जवाहर बानरा भाजपा प्रत्याशी
Jharkhand Assembly Election 2019. भाजपा ने एकबार फिर गणेश महाली पर भरोसा करते हुए सरायकेला से प्रत्याशी बनाया है जबकि खरसावां से जवाहर बानरा को उम्मीदवारी दी गई है।
जमशेदपुर सरायकेला, जेएनएन। कयासों के उलट भाजपा ने एकबार फिर गणेश महाली पर भरोसा करते हुए सरायकेला से प्रत्याशी बनाया है जबकि खरसावां से जवाहर बानरा को उम्मीदवारी दी गई है। गुरुवार की शाम को जारी भाजपा प्रत्याशियों की तीसरी सूची में इन दोनों के नाम शामिल हैं। दोनों नेताओं को दिल्ली से सूचना मिल गई है और तैयारी में जुटने को कहा गया है। सूचना के बाद गणेश महाली समर्थकों ने सरायकेला में जश्न मनाया।
गणेश महाली पिछले चुनाव में भी सरायकेला से भजपा के प्रत्याशी थे और झामुमो के चंपई सोरेन को कड़ी टक्कर दी थी। वे काफी कम मतों से पिछड़ गए थे। इसबार इस बात के कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा गणेश महाली की बजाय दूसरे चेहरे पर दांव लगाएगी। उधर, पहले चरण की घोषणा में लक्ष्मण टुडू को घाटशिला से टिकट नहीं दिया गया था जबकि वे वहां के विधायक हैं। माना जा रहा था कि पार्टी ने उनपर भरोसा नहीं कर नए चेहरे पर दांव लगाया है। इसके बाद खरसावां से उन्हें टिकट दिए जाने की चर्चा थी। गुरुवार को दिन में चर्चा चली कि स सरायकेला से गणेश महाली के साथ ही खरसावां से लक्ष्मण टुडू को टिकट देने का फैसला हुआ है लेकिन शाम को जारी सूची में यहां से प्रत्याशी के रूप में जवाहर बानरा का नाम है।
इनके अलावा 15 प्रत्याशियों की तीसरी सूची में पश्चिमी सिंहभूम के मझगांव विधानसभा सीट पर भूषण पाट पिंगुवा, चंदनकियारी से अमर बाउरी व बोकारो से विरंची नारायण के नाम हैं। खूंटी से नीलकंठ सिंह मुंडा का टिकट भी भाजपा ने फाइनल कर दिया है।
महाली हैं अर्जुन मुंडा के खास
गणेश महाली पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रीअर्जुन मुंडा के बेहद करीबी माने जाते हैं। मुंडा खरसावां से विधायक होते रहे हैं। हालांकि,पिछली बार वे हार गए थे। इसबार कयास लगाए जा रहे थे कि अर्जुन मुंडा अपनी परंपरागत सीट खरसावां से अपनी पत्नी मीरा मुंडा के लिए टिकट चाहेंगे। हालांकि, टिकट जवाहर बानरा को मिला।
टिकट कन्फर्म होने की सूचना के बाद समर्थकों के साथ सरायकेला में खुशी का इजहार करते गणेश महाली।
महाली 16 को करेंगे नामांकन दाखिल
टिकट कन्फर्म होने की आश्वस्ति के बाद गणेश महाली ने नामांकन पत्र खरीद लिया और कार्यकर्ताओं को जानकारी दी कि 16 नवंबर को नामांकन करेंगे।
चंपई ने बदली नामांकन की तारीख
झामुमो के प्रत्याशी चंपई सोरेन ने नामांकन की तारीख बदल दी है। वे अब 15 नवंबर की जगह 18 नवंबर को नामांकन दाखिल करेंगे।