Jamshedpur coronavirus News Update : जमशेदपुर में डॉक्टर सहित कोरोना से चार की मौत, 209 मिले पॉजिटिव
Jamshedpur coronavirus News Update. कोरोना से मंगलवार को चार मरीजों की मौत हुई। इनमें तीन पूर्वी सिंहभूम जिला व एक सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी शामिल हैं। गम्हरिया निवासी पेशे से डाक्टर थे। उनका इलाज टीएमएच में चल रहा था।
जमशेदपुर, जासं। कोरोना से मंगलवार को चार मरीजों की मौत हुई। इनमें तीन पूर्वी सिंहभूम जिला व एक सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया निवासी शामिल हैं। गम्हरिया निवासी पेशे से डाक्टर थे। उनका इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा था। उन्हें दोबारा कोरोना हुआ था।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम जिले में जिन मरीजों की मौत हुई है उसमें दो का टीएमएच व एक का इलाज महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा था। मृतकों में बिष्टुपुर निवासी (59) महिला, छोटा गोविंदपुर निवासी (43) महिला व गोलमुरी नामदा बस्ती निवासी (85) पुरुष शामिल हैं। जिले में अब तक 318 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
जिले में 209 मिले कोरोना पॉजिटिव
पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को कुल 209 कोरोना पॉजिटिव मिले। इसमें साकची, मानगो, बिष्टुपुर, छोटा गोविंदपुर, परसुडीह, बिरसानगर, घाटशिला, कदमा, सोनारी, मुसाबनी, पोटक, टेल्को, गोलमुरी सहित अन्य क्षेत्रों से भी कोरोना पॉजिटिव मरीज शामिल हैं। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 13707 हो गई है।
2558 संदिग्धों का लिया गया नमूना
मंगलवार को 2558 संदिग्ध मरीजों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 195883 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 181954 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।
93 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
एमजीएम, टीएमएच सहित विभिन्न कोविड वार्ड से कुल 93 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अब तक कुल 11257 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जॉय भादुड़ी सहित पांच लोगों ने किया प्लाज्मा दान
शहर में प्लाज्मा दान के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ी है। मंगलवार को कोरोना को मात देने के बाद शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. जॉय भादुड़ी सहित दीपक कुमार तिवारी, अंशु सिंन्हा, विकास सिंह, आरके झा ने जमशेदपुर ब्लड बैंक पहुंचकर प्लाज्मा दान किया। प्लाज्मा दान करने वालों का हौसला बढ़ाते हुए जिला प्रशासन की प्लाज्मा डोनेशन प्रभारी स्मिता नागेशिया, जमशेदपुर ब्लड बैंक के प्रशासक संजय चौधरी, रेड क्रॉस सोसाईटी के मानद सचिव विजय कुमार सिंह, उपाध्यक्ष बालमुकुन्द गोयल, रेड क्रॉस के पेट्रन सदस्य प्रेम प्रकाश गोयल, रेड क्रॉस के एसडीपी प्रभारी प्रभुनाथ सिंह, एसएनटीआई के सहायक प्रबंधक उदय प्रकाश सिंह ने सभी को सम्मानित किया