टुसू मेले में लोक संस्कृति की दिखती है झलक : विधायक
खैरबनी गांव में बाबा भैरव युवक संघ के तत्वावधान में शुक्रवार टुसू मेला का आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के मौके पर आयोजित होने वाले इस पर्व में आसपास क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग आते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित हुए। बेहतर टुसू और नृत्य दलों को विधायक ने पुरस्कृत भी किया..
संसू, डुमरिया : खैरबनी गांव में बाबा भैरव युवक संघ के तत्वावधान में शुक्रवार टुसू मेला का आयोजन किया गया। मकर संक्रांति के मौके पर आयोजित होने वाले इस पर्व में आसपास क्षेत्रों से काफी संख्या में लोग आते हैं। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका विधायक संजीव सरदार उपस्थित हुए। बेहतर टुसू और नृत्य दलों को विधायक ने पुरस्कृत भी किया। इस अवसर पर उन्होंने मकर संक्रांति पर्व की सभी को बधाई भी दी। कहा कि यह परंपरा पूर्वजों से चली आ रही है। टुसू मेला में शरीक लोग भाईचारे की मिसाल पेश करते हैं। यहीं से लोक संस्कृति की विविधता की झलक देखने को मिलता है। टुसु विजेताओं को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 3500, द्वितीय 3000 तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 2500 रुपये नकद प्रदान किए गए। मेला के दौरान युवक संघ ने फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के साथ झामुमो प्रखंड अध्यक्ष भगत बास्के, भगत हांसदा, अर्जून मुर्मू, पूर्ण चंद्र नायेक आदि मौजूद थे। गरीबों को वस्त्र बांट डा. गोस्वामी ने बनाया मकर : भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. दिनेशानंद गोस्वामी ने मकर पर्व के अवसर पर शुक्रवार को बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के गरीबों के बीच कंबल व वस्त्र वितरण किया। इस क्रम में उन्होंने बहरागोड़ा प्रखंड के चिंगड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम में चिंगड़ा, कदमाशोली, बाड़ेडीह व आछड़ाबाद गांव के बुजुर्गो व जरूरतमंदों के बीच कंबल व वस्त्र वितरण किया। उन्होंने कहा कि मकर व टुसू पर्व इस क्षेत्र का सबसे लोकप्रिय त्योहार है। इस अवसर पर आप सभी के साथ खुशियां बांटने आए हैं। उन्होंने लोगों से परंपरागत तरीके से त्योहार मनाने का आग्रह किया। मौके पर श्यामसुंदरपुर भाजपा मंडल अध्यक्ष बाघराय मांडी, गंगाराम हांसदा, लंबोदर हांसदा, लक्ष्मी रानी मांडी, सनत गिरी, निरंजन हांसदा, रामसाय हेंब्रम, गोराई हांसदा, ओम प्रकाश गोस्वामी, बाघराय हांसदा आदि उपस्थित थे। भूतेश्वर शिव मंदिर में लगा मकर मेला : खंडामौदा गांव में शुक्रवार को बाबा भूतेश्वर शिव मंदिर प्रागंण में मकर मेला का आयोजन किया गया। इस दौरान संकीर्तन मंडली ने कीर्तन किया। मेले में झूला देख बच्चे काफी उत्साहित हुए। इस अवसर पर मेला कमेटी के सदस्यों ने भक्तों के बीच प्रसाद वितरण किया। मौके पर कमेटी के सदस्य तारकेश्वर बेरा, विनय बेरा, देवाशीष बेरा, प्रशांत बेरा, नीलेश बेरा, सत्यव्रत बेरा, गिरधारी बेरा, तपु बेरा, शिवेश्वर बेरा, जयंत बेरा, पिंटू बेरा, सिद्धेश्वर बेरा समेत कई उपस्थित थे। रूढि़वादी परंपराओं के नाम पर बच्चों को गर्म लोहे से दागा : प्रखंड के विभिन्न गांवों में शुक्रवार को आखन जात्रा पर रूढि़वादी मान्यताओं के आधार पर छोटे बच्चों को गर्म लोहे से पेट को दागा गया। यहां तक की नवजात को भी इसके घेरे से बाहर नहीं रखा। सुबह गांव में इस परंपरा का निर्वाहन के लिए माता-पिता खुद बच्चों को दगवाने को ले गए। बच्चे पीड़ा से कराहते रहे, परंतु बड़े-बूढ़े परंपरा निर्वाहन करने में मग्न रहे। ग्रामीणों की दलील है कि ऐसा करने से बच्चों को कई बीमारियों से निजात मिलती है। मकर पर्व के दूसरे दिन आखान जात्रा के दिन इस प्रकार का आयोजन किया जाता है। वहीं डुमरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सक डा. दुर्गा चरण मुर्मू ने बताया कि यह साइंटिफिक प्रमाणित नहीं है कि बच्चे निरोग हो जाते हैं। लेकिन खतरनाक साबित हो सकता है। दो दिवसीय नागा बाबा मकर महोत्सव आज से : शहर के लोगों की आस्था भक्ति एवं श्रद्धा के प्रति नागा बाबा मंदिर में दो दिवसीय मकर महोत्सव शनिवार से शुरू हो जाएगा। मंदिर की परंपरा के मुताबिक स्थानीय थाना प्रभारी नागा बाबा पर चांदनी चढ़ा कर महोत्सव का विधिवत शुभारंभ करेंगे। इसके साथ ही मंदिर परिसर में पूजा पाठ शुरू हो जाएगी मौके पर यज्ञ एवं हवन का भी आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष कोरोना प्रभाव को देखते हुए मंदिर कमेटी ने लोगों से शारीरिक दूरी का पालन करते हुए पूजा करने का आह्वान किया है। हालांकि शुक्रवार को बड़ी संख्या में भक्तों ने मंदिर आकर नारियल चढ़ाकर आखान ने यात्रा की पूजा की। इस वर्ष कमेटी की ओर से कोई सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन मेला के दौरान नहीं किया गया है। सिर्फ भक्ति भाव से सुंदरकांड पाठ ही किया जाएगा। मंदिर कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार मिश्रा, सचिव राकेश सिंह, विश्वकर्मा सिंह, रत्नेश कुमार, विनोद अग्रवाल समेत तमाम सदस्य महोत्सव को सफल बनाने में जुटे हुए हैं।