किशोरी, महिला समेत पांच ने फांसी लगा कर ली खुदकुशी
रामजी की पुत्री सरस्वती ने सोमवार देर शाम साड़ी के सहारे फांसी लगा खुदकुशी कर ली।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : बीते 48 घंटे में शहर में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में किशोरी, महिला, युवक समेत पांच लोगों ने फांसी लगा खुदकुशी कर ली। उलीडीह थाना क्षेत्र के केंदुकोचा निवासी रामजी की पुत्री सरस्वती ने सोमवार देर शाम साड़ी के सहारे फांसी लगा खुदकुशी कर ली। घटना से पहले वह अपने जीजा और बहन के साथ मेला देखकर वापस घर लौटी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जुगसलाई थाना क्षेत्र मिल्लतनगर की महिला मुर्शरत नाज उर्फ आसिया ने सोमवार दोपहर घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पति सोहैब ऑटो चालक है। पुलिस को उसने बताया पत्नी ने बच्चों को अपनी नानी घर भेज दिया था। शाम को जब बच्चे घर लौटे तो दरवाजा भीतर से बंद पाया। पास-पड़ोसी की मदद से दरवाजा खोले जाने पर घर के भीतर मुर्शरत का शव फंदे से लटका देखा। पुलिस को सूचना दी गई। बिरसानगर थाना क्षेत्र निवासी संजीव कुमार ने घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। बागबेड़ा थाना क्षेत्र के रानीडीह में रसाय हेम्ब्रम की पत्नी आरती हेम्ब्रम ने मंगलवार शाम घर में फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली। रसाय ने पुलिस को बताया वह ठेकेदारी में काम करता है। वह डयूटी गया था। पत्नी ने बच्चे को पड़ोस में भेज दिया। इसके बाद घर में दुपट्टा के सहारे फांसी लगा ली। कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लाक संख्या दो निवासी मो. जावेद की पुत्री नीरूफर मंगलवार दोपहर फंदे से लटक गई। स्वजन उसे टाटा मुख्य अस्पताल ले गए। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। कदमा थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया सुसाइड के कारण का पता नहीं चल पाया है।