पांच साल में देंगे 30 लाख युवाओं को रोजगार : रघुवर
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार की शाम एग्रिको में दुर्गा पूजा पंड
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शुक्रवार की शाम एग्रिको में दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन किया तथा मां दुर्गा से बेरोजगारी मुक्त झारखंड निर्माण के लिए शक्ति प्रदान करने की मांग की। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि झारखंड की आधी आबादी शिक्षित व समृद्ध नहीं है। इस कारण उन्होंने माता लक्ष्मी से झारखंड की महिलाओं को समृद्ध बनाने तथा माता सरस्वती से महिलाओं को शिक्षित करने की प्रार्थना की। सीएम ने बताया कि महिला स्वयं सहायता समूहों को मुर्गी पालन केंद्र के लिए मदद प्रदान की जा रही है ताकि इस केंद्र से अंडे का कारोबार हो सके। इस केंद्र के अंडे अस्पतालों व स्कूलों में लिये जायेंगे। गांव में महिलाओं के लिए कुटीर उद्योग खोले जा रहे हैं। झारखंड सरकार ने पांच साल के अंदर 30 लाख युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने अमेरिका के तीन शिक्षण संस्थानों से कौशल विकास के लिए एमओयू किया है, ताकि युवा प्रशिक्षण प्राप्त कर अर्थोपार्जन कर सकें। सीएम ने कहा कि उन्हें शक्ति अपनी माता, अपनी पत्नी और मां दुर्गा से मिलती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के 32 हजार गांवों में ग्राम सभाएं चल रही हैं। तीन साल के क्विक एक्शन प्लान के साथ-साथ पूरे 20 साल का प्लान बनना है। गांवों को समृद्ध बनाने की योजनाएं इस ग्राम सभा के माध्यम से सरकार के पास आयेंगी। पंडाल के उद्घाटन के मौके पर मंच पर चंद्रशेखर मिश्रा, कुलवंत सिंह बंटी, भूपेंद्र सिंह, खेमलाल चौधरी, मनोहर सिंह, कंचन सिंह, रुबी झा सहित कमिटी के कई सदस्य उपस्थित थे।
-------------
निवेश के लिए बन रहा माहौल
एग्रिको पूजा पंडाल के उद्घाटन के दौरान उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में निवेश के लिए माहौल बन गया है। विश्व बैंक ने भी रेटिंग में झारखंड को तीसरा स्थान दिया है। पहले यह राज्य 30वें नंबर पर था। उन्होंने अमेरिका व मुंबई के रोड शो में कई उद्योगपतियों को झारखंड में निवेश के लिए आमंत्रित किया है। उम्मीद है आने वाले दिनों में इसके अच्छे परिणाम देखने को मिलेंगे।