डेढ महीने में रेल पटरी से मिली तीन लाशें, तीनों महिला की
चक्रधरपुर रेल मंडल क्षेत्र में डेढ़ महीने के भीतर रेल पटरी से तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई है। तीनों शव महिला की ही है।
जमशेदपुर,जेएनएन। चक्रधरपुर रेल मंडल क्षेत्र में डेढ़ महीने के भीतर रेल पटरी से तीन शव मिलने से सनसनी फैल गई है। तीनों शव महिला की ही है। शुकवार को सुकरा फाटक और मालुका स्टेशन के बीच उलीहातु के पास रेलवे ट्रैक के समीप एक महिला की लाश मिली। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस पहचान की कोशिश में जुटी है और यह भी पता कर रही है कि मामला हत्या या आत्महत्या का है।
घर से गायब हो गई थी महिला, मिली लाश
इससे पूर्व नवंबर महीने की चार तारीख को केंदपोसी-मालुका सेक्शन के रेलवे लाइन किलोमीटर संख्या 351/7-9 के समीप स्थित मारांगगाड़ा के पास से रेल पुलिस ने एक वृद्ध महिला का शव बरामद किया था। मृतका की पहचान हाटगम्हिरया के सियाजो निवासी बोती हेंब्रम (52 वर्ष) के रूप में हुई थी। मृतका के पुत्र सियाजो गांव के प्रधान हेंब्रम ने बताया था कि उसकी मां अचानक घर से लापता हो गई थीं। गांव में जोमनामा पर्व था। मौके पर खिचड़ी बनी थी। खिचड़ी भी शव के बगल में एक पोटली में मिली है। मां पड़ोसी के घर शनिवार की शाम एक पूजा अनुष्ठान में शामिल होने गई थी।
एक शव की अबतक नहीं हो पाई पहचान
इसी वर्ष 4 अक्टूबर को इसी क्षेत्र के समपरमुटू के करीब रेलवे किलोमीटर संख्या 351 के पास रेलवे ट्रैक से 40 वर्षीय महिला की कटी हुई लाश मिली थी। मृतका की पहचान नहीं हो पाई। बाद में उसका अंतिम-संस्कार कर दिया गया।