टाटा मोटर्स से पहले होगा कमिंस का ग्रेड रिवीजन
--------------- जमशेदपुर : अभी तक टाटा मोटर्स के बाद ही टाटा कमिंस का ग्रेड रिवीजन हो
---------------
जमशेदपुर : अभी तक टाटा मोटर्स के बाद ही टाटा कमिंस का ग्रेड रिवीजन होते आया है लेकिन इस बार ऐसा नहीं होने जा रहा है। हालांकि दोनों कंपनियों में ग्रेड वार्ता शुरू है लेकिन टाटा मोटर्स में कई मुद्दे पर आज भी जिच कायम है जबकि टाटा कमिंस में हरेक वार्ता में किसी न किसी मसले पर सहमति बनती जा रही है। ऐसे में उम्मीद है कि आने वाले कुछ दिनों में टाटा कमिंस का ग्रेड समझौता हो जाएगा। कमिंस प्रबंधन ने भी 15 जून से पूर्व समझौते करने की घोषणा कर चुकी है।
यूनाइटेड क्लब में कमिंस यूनियन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह से मिलने गए नेताओं को सिंह ने टाटा मोटर्स से पहले ग्रेड रिवीजन कराने की बात कही। संगठन मजबूत करने की बात करते हुए राजेंद्र सिंह ने लगातार ग्रेड वार्ता कर समझौते करने की सलाह दी। राजेंद्र सिंह ने मिलने वालों में अरुण सिंह, मनोज सिंह आदि कई शामिल थे।
---------
प्रबंधन के प्रस्ताव को यूनियन ने किया खारिज
टाटा कमिंस प्रबंधन के उस प्रस्ताव को यूनियन ने खारिज कर दिया है जिसमें ग्रेड की बढ़ोतरी राशि को क्रमवार कर तीन साल में देने को कहा गया था। तीन साल के लिए होने वाले ग्रेड समझौते में पहले साल बढ़ी हुई राशि का 80 फीसद व दूसरे-तीसरी वर्ष 20-20 फीसद देने का प्रस्ताव दिया गया था। यूनियन के महामंत्री अरुण सिंह कहा कि अब मंगलवार से लगातार ग्रेड वार्ता होगी। जानकारी के मुताबिक वार्ता करने को लेकर ही मंगलवार को कंपनी मुख्यालय से अनुपमा कॉल व शुभंकर चटर्जी यहां पहुंच रहे हैं।
------------
टाटा मोटर्स में जिच बरकरार
टाटा मोटर्स कर्मचारियों के ग्रेड पर कई मसले पर आज भी जिच कायम है। 26 दौरे की वार्ता के बावजूद समझौते के आसार नहीं दिख रहे हैं। यूनियन महामंत्री प्रकाश कुमार ने कहा कि अब ग्रेड पर लगातार वार्ता होगी, देखना है कि कब तक समझौता हो रहा है।