Move to Jagran APP

पत्नी के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी कांग्रेस में शामिल

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा विधिवत कांग्रेस में शामिल हो गए। प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया।

By Rakesh RanjanEdited By: Published: Thu, 01 Nov 2018 05:05 PM (IST)Updated: Fri, 02 Nov 2018 02:37 PM (IST)
पत्नी के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी कांग्रेस में शामिल
पत्नी के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा भी कांग्रेस में शामिल

जमशेदपुर(जेएनएन)। झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा विधायक पत्नी समेत गुरुवार को कांग्रेस में विधिवत शामिल हो गए। कोल्हान प्रमंडल के पश्चिमी सिंहभूम के जिला मुख्यालय चाईबासा में अवस्थित कांग्रेस भवन में आयोजित वृहत कार्यक्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने उन्हें माला पहनाकर विधिवत पार्टी में शामिल करने की घोषणा की।

prime article banner

इस मौके पर डॉ अजय कुमार ने कहा कि मधु कोड़ा के पार्टी में शामिल होने से कांग्रेस को मजबूती मिलेगी। कोड़ा झारखंड के कद्दावर नेता हैं। उनकी खासकर कोल्हान में मजबूत पकड़ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोल्हान से मुख्यमंत्री औ सांसद दोनों देगी। कोड़ा के कांग्रेस में शामिल होने के बाद उनकी पार्टी जय भारत समानता पार्टी का भी कांग्रेस में विलय हो गया। अब पार्टी का अस्तित्व नहीं रहा।  

 कांग्रेस के समर्थन से बने थे मुख्यमंत्री

 मधु कोड़ा निर्दलीय विधायक रहते हुए वर्ष 2006 में कांग्रेस के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे। वे 14 नवंबर 2006 से 2008 यानी दो साल तक मुख्यमंत्री रहे। बाद में 2009 में वे सिंहभूम से अपनी पार्टी जयभारत समानता पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए। वर्ष 2009 में ही उन्हें कोयला घोटाला में जेल जाना पड़ा। तब उनकी पत्नी गीता कोड़ा पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर से विधानसभा चुनाव लड़ी और जीती। गीता कोड़ा अभी भी जगन्नाथपुर से विधायक हैं। मधु कोड़ा पिछला लोकसभा चुनाव हार गए थे।

पहली बार भाजपा के टिकट पर चुने गए थे विधायक

मधु कोड़ा पहली बार 2000 में भाजपा के टिकट पर जगन्नाथपुर से विधायक चुने गए थे। 2005 में टिकट कटा तो वे निर्दलीय मैदान में कूद पड़े और जीते। भाजपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर रहे थे।  कोड़ा सामान्य आदिवासी परिवार से आते हैं। उनके पिता रसिका कोड़ा सेल में कर्मचारी थे। कोड़ा का जन्म 6 जनवरी 1971 को गुवा में ही हुआ था। हालांकि, उनका मूल गांव पाताहातू है।

पत्नी गीता लड़ेगी चाईबासा से लोकसभा चुनाव

 अभी हालांकि, घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जैसा कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने अपने संबोधन में संकेत दिया मधु कोड़ा की पत्नी गीता कोड़ा चाईबासा लोकसभा सीट से कांग्रेस की प्रत्‍याशी बनाई जाएंगी। इस सीट पर अभी भाजपा का कब्जा है और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मण गिलुवा सांसद हैं। 

भाजपा विरोधियों को फंसा देती: कोड़ा

मधुकोड़ा ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा कि जो भी भाजपा की कमियों को सामने लाता है, उसे अपनी शक्तियों का इस्तेमाल कर भाजपा फंस देती है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉक्टर अजय कुमार से जब पूछा गया कि पिछले दिनों मध्यप्रदेश के व्यापम घोटाले की आरोपी को पार्टी शामिल कर लिया गया और अब घोटाले में जेल जाने वाले मधुकोड़ा को भी कांग्रेस में शामिल कर लिया, क्या यह मन जाय कि कांग्रेस पार्टी में शामिल होने से घोटाले के दाग  धूल जाते हैं ? उन्होंने कहा कि मधुकोड़ा एक मास नेता हैं। यहां के स्थानीय लोग मधुकोड़ा को भ्रष्टाचारी नही मानते। उन्होंने कहा कि  मामला न्यायालय में है। यह भी कहा कि वो चाहते हैं कि मधुकोड़ा सभी मामलों से बरी हो जाएं ।
 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.
OK