Elephants Party in Jharkhand : आधी रात को हाथियों ने की जमकर पार्टी, छककर खाया मिड डे मिल
Jamshedpur News इंसान तो इंसान आजकल हाथियों की भी पौरी (पार्टी) हो रही है। वह भी झुंड बनाकर। मामला झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड का है। दलमा वन्कीय अभ्यारण्य तराई में कुकड़ू प्रखंड है। यही का मामला है।
जमशेदपुर : इंसान तो इंसान, आजकल हाथियों की भी 'पौरी' (पार्टी) हो रही है। वह भी झुंड बनाकर। मामला झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ प्रखंड का है।
दलमा की तराई में कुकड़ू प्रखंड है। इसी प्रखंड के चौका में उत्क्रमित मध्य विद्यालय है यहां बच्चों के लिए मिड डे मिल का अनाज रखा हुआ था। चूंकि कोरोना काल है और स्कूल बंद है तो बच्चे स्कूल आ नहीं रहे हैं। सभी शिक्षकों को सरकार की ओर से निर्देश है कि बच्चों को उनके घर पर मिड डे मिल के अंतर्गत मिलने वाले कच्चे अनाज को पहुंचाया जाए। स्कूलों में मिड डे मिल का अनाज रखा रहता है।
चौका के उत्क्रमित मध्य विद्यालय में भी बोरियों में भरकर अनाज रखा हुआ था। शनिवार की रात पहाड़ी से करीब एक दर्जन हाथियों का झुंड इस विद्यालय के आसपास पहुंच गया। विद्यालय पहुंचते ही चारों ओर से उसे घेर लिया। तभी एक विशालकाय हाथी स्कूल की खिड़की तोड़ने लगा। उसे खिड़की तोड़ने में वक्त भी नहीं लगा। तभी अन्य हाथी भी वहां जम गए। बस क्या था, सभी हाथियों ने जमकर पार्टी मनाया और बच्चों को बांटने के लिए रखे गए अनाज से छककर पार्टी की। हाथियों के बच्चे में पूरे आनंदित मुद्रा में नजर आ रहे थे।
जब ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो सभी डर से अपने घरों में दुबक गए। हाथियों के आगे आने की हिम्मत भला किसमे होगी। हाथियों के हमले से स्कूल को काफी नुकसान पहुंचा है। स्कूल में पार्टी मनाने के बाद हाथियों का झुंड स्वर्णरेखा नदी पार कर ईचागढ़ के मैसाड़ा की ओर चल दिया। मालूम हो विगत कुछ दिनों से एक बार फिर जंगली हाथियों का झुंड कुकड़ू व ईचागढ़ प्रखंड क्षेत्र में दस्तक देकर जमकर उत्पात मचा रहे हैं। जंगली हाथियों के डर से ग्रामीण क्षेत्र के लोग शाम होते ही घर मे दुबक जा रहे हैं। जंगली हाथियों का झुंड को गांव से दूर किसी सुरक्षित जंगली हाथियों का झुंड को ले जाने में वन विभाग कोई ठोस पहल नहीं कर रही हैं, जिसका खामियाजा ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है।