राजस्व वसूली के लिए आज से विद्युत विभाग लगाएगा शिविर
संसू गम्हरिया सरायकेला विद्युत आपूर्ति प्रमंडल राजस्व वसूली के लिए शुक्रवार से शिविर लगाएगा
संसू, गम्हरिया : सरायकेला विद्युत आपूर्ति प्रमंडल राजस्व वसूली के लिए शुक्रवार से शिविर लगाएगा। इस दौरान ग्राहकों को बकाया राशि का भुगतान की सुविधा ओन द स्पॉट प्रदान की जाएगी। विद्युत कार्यपालक अभियंता अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए विशेष तौर पर यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार, आठ जनवरी को सापड़ा, 12 को नुवागढ़, 16 को इटागढ़, 20 को डूडरा, 25 को दुग्धा एवं 28 को मुड़कुम में शिविर लगाकर राजस्व की वसूली की जाएगी। इसी प्रकार, गम्हरिया के कलिया डूंगरी में नौ जनवरी को, कोलाबिरा में 11, पंडरा में 19, कमलपुर में 21, सीनी में 23, उपरदुगनी में 27 एवं मुरुप में 29 जनवरी को शिविर लगाया जाएगा। शिविर में विद्युत समस्या से संबंधित मामले एवं शिकायतें भी सुनी जाएगी।
देव कुमारी बनी एकता विकास मंच की वार्ड छह अध्यक्ष
संसू, गम्हरिया : एकता विकास मंच के महिला प्रकोष्ठ की बैठक गम्हरिया के वार्ड छह स्थित कैलाश नगर, विश्वकर्मा कालोनी में संपन्न हुई। बैठक में संगठन की मजबूती और विकास के लिए जिला व वार्ड स्तर पर सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। इस दौरान महिला प्रकोष्ठ के वार्ड छह की कमेटी एकता का गठन किया गया। उक्त कमेटी में सर्वसम्मति से अध्यक्ष देव कुमारी देवी, उपाध्यक्ष गीता देवी, सचिव रंजू देवी तथा कोषाध्यक्ष परमशिला देवी को बनाया गया। बैठक में रीता देवी, कांति देवी, सरिता शर्मा, सुनीता जायसवाल, पार्वती देवी, अनिता देवी, अंजनी देवी, गुड़िया देवी समेत कई महिलाएं उपस्थित थी।
नेत्र जांच में मिले बीस मोतियाबिद पीड़ित
संसू, गम्हरिया : भारत संस्कार की ओर से आदित्यपुर के वार्ड 15 स्थित मांझी टोला के वार्ड विकास केन्द्र भवन में नववर्ष के उपलक्ष्य में निश्शुल्क नेत्र जांच शिविर लगाया गया। आयुष्मान भारत के तहत आयोजित शिविर में 20 लोग मोतियाबिद पीड़ित मिले। मौ़के पर डा. मनीष कुमार, डा. मुनीलाल महतो, डा. गंगा सागर महतो आदि उपस्थित थे। बताया गया कि सभी मोतियाबिद पीड़ितों का ब्रह्मानंद अस्पताल में शीघ्र ही निश्शुल्क आपरेशन किया जाएगा।