युवा पीढ़ी को संघर्ष से घबराना नहीं चाहिए : प्राचार्या
संवाद सहयोगी, घाटशिला : जामिनी कल्याणी महतो (जेकेएम) डिग्री कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, साइंस एंड कामर्स की प्राचार्या कल्याणी कबीर ने कहा कि संघर्ष से व्यक्तित्व मजबूत होता है।
संवाद सहयोगी, घाटशिला : जामिनी कल्याणी महतो (जेकेएम) डिग्री कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट, साइंस एंड कामर्स की प्राचार्या कल्यणाी कबीर ने कहा कि संघर्ष से व्यक्तित्व मजबूत होता है। इसलिए युवा पीढ़ी को संघर्ष से घबराना नहीं चाहिए। यह बातें कॉलेज परिसर में स्थित सत्य विहार सभागार में बुधवार को आयोजित स्वागत समारोह में नामांकित (सत्र 2018-21) नए विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने कॉलेज में आए नए विद्यार्थियों का परिचय भी प्राप्त किया।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, मुखिया मिनौती टुडू, प्राचार्या डॉ. कल्याणी कबीर, व्याख्याता जीतिका कुमारी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। पुराने छात्राओं ने नए नामांकित विद्यार्थियों का गीत गाकर स्वागत किया।
इस दौरान जिला परिषद की सदस्य देवयानी मुर्मू ने कहा कि परिश्रम से ही विद्यार्थियों का भविष्य उज्ज्वल होता है। मुखिया मिनौती टुडू ने कहा कि शिक्षा से ही हमारे समाज का उत्थान संभव है इसलिए विद्यार्थी मन से शिक्षा ग्रहण करें। जेकेडीएलएड कॉलेज की इंचार्ज डॉ. सोनाली राय और जेकेएम बीएड कॉलेज की व्याख्याता मौसमी महतो ने भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस मौके पर डिग्री कॉलेज के पाठ्यक्रम पर प्रो. सुशांति कुमारी ने प्रकाश डाला और राष्ट्रीय सेवा योजना की गतिविधियों पर प्रोफेसर प्रमिला मांझी ने जानकारी दी। खेल संबंधित गतिविधियों के बारे में खेल शिक्षिका कविता धारा ने जानकारी दी। सचिव जामिनी कांत महतो ने भी शुभकामना देते हुए कहा कि कॉलेज के छात्र-छात्राओं को इस सुदूर ग्रामीण क्षेत्र में स्थापित इस कॉलेज के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण से लाभान्वित होना चाहिए। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर जीतिका और संचालन प्रो. प्रमिला मांझी ने किया। समारोह के दौरान प्रो. अनुपम कुमारी, रंजना आनंद, तानिया सरकार, शक्तिपदो घोष, संजू राय, विनीता टुडू, स्वाति गुप्ता, कविता धारा व कमलेंदु राय आदि उपस्थित थे।