टेल्कॉन यूनियन होगी भंग, हर सदस्य को मिलेंगे 2500 jamshedpur news
प्रख्यात मजदूर नेता स्व. गोपेश्वर की बनाई टेल्कॉन वर्कर्स यूनियन का विघटन कल सोमवार को हो जाएगा। टाटा हिताची जमशेदपुर प्लांट का खडग़पुर शिफ्टिंग के बाद यूनियन का भंग होना तय है।
जमशेदपुर (अरविंद श्रीवास्तव)। प्रख्यात मजदूर नेता स्व. गोपेश्वर की बनाई टेल्कॉन वर्कर्स यूनियन का विघटन कल सोमवार को हो जाएगा। टाटा हिताची जमशेदपुर प्लांट का खडग़पुर शिफ्टिंग के बाद यूनियन का भंग होना तय है। इस पर मुहर लगाने को लेकर ही सोमवार को यूनियन की आमसभा बुलाई गई है। इसमें यूनियन कोष में बचे चंदे पर भी सहमति बनाई जाएगी। जानकारी के मुताबिक यूनियन सदस्यों से जमा की गई चंदे की कुल राशि पांच लाख से ज्यादा है। यूनियन भंग होने के बाद इस राशि को सदस्यों के बीच बांटना है। कितने कर्मचारियों (सदस्यों) के बीच चंदे की राशि बांटी जाए इस पर आमसभा में निर्णय लिया जाएगा। बीते एक अक्टूबर 2018 से कर्मचारियों को खडग़पुर भेजा जा रहा है। उस समय यूनियन के कुल सदस्यों की संख्या 240 थी। अगर उस समय से कट अप डेट (अंतिम तिथि) माना जाएगा तो उन सभी कर्मचारियों के बीच पांच लाख से अधिक रुपए को उन सभी सदस्यों के बीच बांटी जाएगी। इस प्रकार करीब 2500 रुपए प्रति सदस्य (कर्मचारी) मिलेंगे। फिलहाल जमशेदपुर प्लांट में यूनियन सदस्यों की संख्या 40 रह गई है।
2000 में बनी थी टेल्कॉन यूनियन
30 मार्च 1999 में टाटा मोटर्स से अलग होकर टाटा हिताची (एक्सवेटर डिवीजन) बनी थी। फिर गोपेश्वर की पहल पर दो फरवरी 2000 में यहां यूनियन का गठन किया गया। उस समय यूनियन के सदस्यों की संख्या करीब 850 थी। टाटा का 80 तो हिताची का 20 फीसद शेयर था तथा कंपनी का नाम टेल्कॉन था। 2014 में हिताची का शेयर बढ़ा तथा कंपनी का नाम टेल्कॉन से टाटा हिताची हो गया।
'टेल्कॉन यूनियन की आमसभा सोमवार को कंपनी के कांफ्रेंस हॉल टू में बुलाई गई है। इसमें यूनियन का विघटन, सदस्यों के बीच यूनियन चंदे का बंटवारा समेत अन्य मामले पर निर्णय लिया जाएगा। सभा में सभी की उपस्थिति अनिवार्य है।
एसके सिंह, महामंत्री, टेल्कॉन वर्कर्स यूनियन (फोटो)
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप