चार लाख के जेवरात व 13 हजार नगद चोरी
गोलमुरी थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कालोनी निवासी राजेश कंडा के घर से
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : गोलमुरी थाना क्षेत्र के रिफ्यूजी कालोनी निवासी राजेश कंडा के घर से चोरों ने गुरुवार की रात चार लाख के सोने के आभूषण के साथ नगद 13 हजार रुपयों की चोरी कर ली। चोरी करने के बाद चोर पड़ोसी की छत पर जाकर आभूषणों को डिब्बों से निकाल कर खाली डिब्बे छत पर ही फेंक कर फरार हो गए। राजेश कंडा ने गोलमुरी थाना में अज्ञात के खिलाफ चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत की है।
राजेश कंडा गम्हरिया स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नाइट ड्यूटी गए थे। रात करीब 11 बजे तक घर के सभी लोग सो गए थे। सुबह पांच बजे जब राजेश की मां की आंख खुली तो देखा कि उसके बेडरूम में रखी अलमारी खुली है। जब अलमारी का लॉकर देखा तो उसके अंदर रखे सोने के आभूषणों की चोरी हो चुकी थी। चोरों ने अलमारी के समीप रखी चाबी का इस्तेमाल कर अलमारी खोला और उसके लॉकर में रखे सोने के दो मंगलसूत्र, चार चूड़ियां, चार अंगूठियां, बच्चे की तीन अंगूठियां, एक जोड़ा झुमका, एक टाप्स, एक मांगटिका और चांदी के दो जोड़ा बड़ा पायल और एक जोड़ा छोटा पायल, सात जोड़ा बच्चे का कड़ा, एक लेडिस व दो जेंस घड़ी की चोरी हो गई। आभूषण एक बैग में रखे थे। पड़ोस की छत पर जाकर आभूषण लेकर खाली डिब्बों को छोड़कर फरार हो गए। मकान के सारे दरवाजे बंद थे। लेकिन खिड़की खुली हुई थी। संभावना व्यक्त की जा रही है कि खिड़की के रास्ते ही चोर घर में प्रवेश कर गए और चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
शुक्रवार की सुबह चोरी की जानकारी मिलने पर तुरंत गोलमुरी पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस कुछ देर के अंतराल में दो बार घटनास्थल पहुंची और पड़ोसी की छत से बैग, आभूषण के डिब्बे व कुछ चांदी के कड़े बरामद किया है।
रिफ्यूजी कालोनी को चोर बना रहे अपना टारगेट
रिफ्यूजी कालोनी में अक्सर चोरी की घटनाएं घट रही है बावजूद इसके पुलिस की पेट्रोलिंग गश्ती इस क्षेत्र में प्रवेश तक नहीं करती। राजेश कंडा के उक्त किराये के मकान में ही कुछ माह पहले दिन दहाड़े चोर घुस गए थे। लेकिन शोर मचाने पर वह भागने में सफल हो गए।
---
रिफ्यूजी कालोनी में चोरी की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जल्द ही चोर की पहचान कर उसकी गिरफ्तारी की जाएगी।
- जयंत तिर्की प्रभारी थाना प्रभारी