इंसान की जिंदगी बचाने के लिए करें रक्तदान, पृथ्वी की जिंदगी बचाने के लिए लगाएं पौधा
जागरण संवाददाता जमशेदपुर रक्तदान के प्रति पूर्वी सिंहभूम जिले के लोग हमेशा झारखंड में आग
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : रक्तदान के प्रति पूर्वी सिंहभूम जिले के लोग हमेशा झारखंड में आगे रहे हैं। यहां एक बढ़ कर एक रक्तदाता हैं, जो समाज को प्रेरणा देते हैं। रविवार को कोरोना संक्रमण के बावजूद तमाम सुरक्षा उपायों को अपनाने हुए रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। इस आयोजन में करीब 50 लोगों ने रक्तदान किया।
पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर ब्लड बैंक में रक्त की जरूरत को देखते हुए यह पहल की गई थी। कोरोना संक्रमण जैसी वैश्विक बीमारी के बीच शारीरिक दूरी, मास्क पहनकर व सैनिटाइजर का उपयोग करते हुए सभी ने रक्तदान किया। प्रत्येक महीने की तरह इस माह भी रक्तदान का सिलसिला जारी रहा। जमशेदपुर ब्लड बैंक धातकीडीह में आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम एवं जमशेदपुर ब्लड बैंक के सहयोग से यह आयोजन हुआ। सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक आयोजित इस शिविर में लगभग 50 यूनिट रक्तदान हुआ। सौ से ज्यादा लोगों के बीच पौधा वितरित किया गया। लोगों से धरती की जान बचाने का भी आग्रह किया गया। शिविर में रक्त दान करने वालों को विशेषतौर पर सम्मानित भी किया गया।
आनंद मार्ग प्रचारक संघ के विश्व स्तरीय धर्म प्रचार सचिव आचार्य सत्यआश्रयनंद अवधूत ने कहा कि रक्तदान महादान है। इसके लिए समाज के हर वर्ग को आगे आना चाहिए। बढ़-चढ़कर रक्तदान करना चाहिए। आपका रक्त कई लोगों की जान बचाने में सक्षम है। आनंद मार्ग प्रचारक संघ के विश्वस्तरीय सेवा दल के सचिव आचार्य नव्यतीतानंद अवधूत ने भी लोगों से रक्तदान की अपील की। आनंद मार्ग प्रचारक संघ के विश्वस्तरीय सेवा धर्म मिशन के सचिव आचार्य सवितानंद अवधूत ने कहा कि पृथ्वी और मनुष्य दोनों का जीवन अनमोल है। इसे बचाने के लिए हर किसी को आगे आना चाहिए। खून देकर इंसान और पौधा लगाकर पृथ्वी की जिंदगी बचा सकते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से समीर सरकार , संगीता देवी, स्वाति सिंह, नीलेश सिंह, सुनील आनंद, ज्ञान प्रसाद, जयेश कुमार, विनय कृष्णा, रमेश राव समेत कई लोगों का सहयोग रहा। मालूम हो कि सामाजिक दायित्व निर्वहन के तहत आनंद मार्ग यूनिवर्सल रिलीफ टीम ग्लोबल प्रत्येक माह रक्तदान शिविर का आयोजन करता है। साथ ही आम लोगों को रक्तदान करने को लेकर उन्हें प्रोत्साहित भी करता है। पर्यावरण संरक्षण को लेकर यह संस्थान पौध वितरण का भी काम करता है। प्रदूषण के कुप्रभाव को बताते हुए लोगों को जागरूक बनाने का काम भी किया जाता है।