NIT Placement : एनआइटी जमशेदपुर के छात्र पीयूष राय को मिला 37.5 लाख का सालाना पैकेज
एनआइटी जमशेदपुर ने सत्र 2020-21 के प्लेसमेंट का संपूर्ण डाटा गुरुवार को जारी किया। इस डाटा के अनुसार एनआइटी जमशेदपुर के कंप्यूटर साइंस के छात्र पीयूष राय को ऑफलाइन कैंपस में डी.ई.शॉ कंपनी ने 37.5 लाख के सालाना पैकेज पर लॉक किया है।
वेंकटेश्वर राव, जमशेदपुर। एनआइटी जमशेदपुर ने सत्र 2020-21 के प्लेसमेंट का संपूर्ण डाटा गुरुवार को जारी किया। इस डाटा के अनुसार एनआइटी जमशेदपुर के कंप्यूटर साइंस के छात्र पीयूष राय को ऑफलाइन कैंपस में डी.ई.शॉ कंपनी ने 37.5 लाख के सालाना पैकेज पर लॉक किया है। हैदराबाद स्थित कंपनी के ऑफिस में इस छात्र ने योगदान दे दिया है। पीयूष को इससे पहल टेकियोन एंड कॉमवाल्ट तथा अमेजन में इंटर्नशिप का ऑफर भी आया था।
पीयूष ने दैनिक जागरण से बातचीत में बताया कि उसे 12वीं तक कंप्यूटर के बारे में ज्ञान नहीं था। हिंदी लेकर पढ़ाई की थी। जेईई मेन 2017 में उत्तीर्ण किया था। उस दौरान उसे यह पता नहीं था कि किस ब्रांच को लेकर आगे पढ़ाई करें। भाई आयुष की सलाह पर कंप्यूटर साइंस के लिए संस्थान की खोज प्रारंभ की। अंतत: एनआइटी जमशेदपुर में कंप्यूटर साइंस में दाखिला मिल गया। कंप्यूटर का ज्ञान नहीं होने के बाद उसके दोस्तों व शिक्षकों ने भरपूर सहयोग किया और अपनी पूरी पढ़ाई करने में सफलता प्राप्त की। आज वह कंप्यूटर में पूरी तरह दक्ष है।
उत्तरप्रदेश के गाजीपुर में रहता है परिवार
पीयूष राय का परिवार उत्तरप्रदेश के गाजीपुर में रहता है। मां मधु बाला राय गृहणी है। पिता भरत लाल राय रेलवे में बुकिंग क्लर्क हैं। उसने दसवीं और 12वी की पढ़ाई शाह फैज पब्लिक स्कूल गाजीपुर से पूरी की।
एनआइटी का प्लेसमेंट रहा है शानदार
एनआइटी जमशेदपुर का प्लेसमेंट हर वर्ष शानदार रहा है। यहां के छात्र नामी कंपनियों में नौकरी कर रहे हैं। प्लेसमेंट का रिकार्ड बहुत बेहतर रहा है।
- सत्र 2020-21 के 91.11प्रतिशत छात्रों का प्लेसमेंट हो चुका है। कंप्यूटर साइंस के छात्रों का शत प्रतिशत प्लेसमेंट हो चुका है। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्यूनिकेशन इंजीनियरिंग के 96.15 छात्रों का प्लेसमेंट हुआ है। कंप्यूटर साइंस के पीयूष राय को सबसे ज्यादा 37.5 लाख का पैकेज प्राप्त हुआ है।
-डा. प्रहल्लाद प्रसाद, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट इंचार्ज, एनआइटी, जमशेदपुर।