Tata motors के अस्थायी कर्मियों के आश्रित को भी मिलेंगे 32 लाख, पांच हजार कर्मियों को फायदा Jamshedpur
टाटा मोटर्स के अस्थायी कर्मियों की मौत पर उनके आश्रित को 33 लाख रुपये मिलेंगे। इसके लिए मजदूर कल्याण योजना लागू की गई है।
जमशेदपुर, अरविंद श्रीवास्तव। टाटा मोटर्स के स्थायी कर्मचारियों की तरह अब अस्थायी कर्मियों (बाई सिक्स) को भी सेवा निधि योजना जैसा लाभ मिलने लगा है। किसी स्थायी कर्मी की मौत होने पर उसके आश्रित को कंपनी के सभी स्थायी कर्मियों के एक दिन के बेसिक का आधा पैसा मिलता है। उसी तर्ज पर अब टाटा मोटर्स के अस्थायी कर्मियों की मौत होने पर उनके आश्रित को सभी बाई सिक्स कर्मियों के एक दिन का बेसिक व डीए का पैसा मिलता है।
गौरतलब हो कि टाटा मोटर्स में कर्मचारी से लेकर प्लांट हेड तक के वेतन का आधा हिस्सा काटकर मृतक के आश्रित को देने पर सहमति बनी है। इसके तहत अगर किसी कर्मी की मौत होती है, तो उसके आश्रित को कम से कम 32 लाख मिलेगा। स्थायी कर्मियों की इस योजना से प्रभावित होकर अस्थायी कर्मियों ने भी अपने यहां इसे प्रभावी करने की मांग की थी। प्रबंधन को पत्र लिखकर अस्थायी कर्मियों ने मृतक अस्थायी कर्मी के परिजन को एक दिन का वेतन देने की सहमति बनाई। कंपनी में अस्थायी कर्मियों की संख्या करीब 5000 है।
आठ सितंबर-17 को बनी योजना
आठ सितंबर-17 को अस्थायी कर्मियों ने अस्थायी मजदूर कल्याण योजना का निर्माण किया। इसका नेतृत्व अस्थायी कर्मी बंटी सिंह ने किया था। अस्थायी कर्मियों की मांग पर अमल करते हुए टाटा मोटर्स प्रबंधन तैयार हुआ तथा घोषणा किया कि अगर किसी अस्थायी कर्मी की मौत किसी भी कारण से होती हैं तो उसके आश्रित को सभी बाई सिक्स कर्मी एक दिन का बेसिक-डीए देंगे। इसके लिए सभी अस्थायी कर्मियों को लिखित रूप से अपनी सहमति जतानी होगी।
अब तक छह को मिला लाभ
सितंबर-17 के बाद अभी तक छह अस्थायी कर्मियों को इस योजना का लाभ मिल चुका है। दिसंबर-18 में गाढ़ाबासा निवासी अस्थायी (बाइसिक्स) कर्मी दक्षराज प्रधान के निधन के बाद उनके आश्रित को इस योजना के तहत करीब 32 लाख मिला है। बंटी सिंह ने कहा कि किसी भी बाइसिक्स की मौत होने पर सभी लोग पैसे काटने के लिए प्रबंधन को सामूहिक रूप से लिखित आवेदन देते हैं फिर प्रबंधन उस पर अमल करता है। इस योजना से मृतक अस्थायी कर्मियों के परिजन काफी राहत महसूस कर रहे हैं।
काम के दौरान मौत पर 20 माह का बेसिक-डीए
बंटी सिंह ने बताया कि काम के दौरान बाई सिक्स की मृत्यु होने पर उसे 20 माह का बेसिक-डीए मिलता है। सभी राशि को जोडऩे के बाद वह 32 लाख से ज्यादा हो जाता है। बंटी सिंह ने कहा कि इस योजना को देखते हुए आदित्यपुर की कई कंपनियां इसे लागू कराने को प्रयासरत हैं।