वर्कर्स कॉलेज में फूंका गया कुलपति का पुतला
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : छात्र आजसू कोल्हान कमिटी के निर्देश पर चरणबद्ध आदोलन के तहत जमशेदपुर वर्
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : छात्र आजसू कोल्हान कमिटी के निर्देश पर चरणबद्ध आदोलन के तहत जमशेदपुर वर्कर्स कॉलेज कमिटी द्वारा कोल्हान विवि के कुलपति का पुतला दहन मंगलवार को फूंका गया। वर्कर्स कॉलेज गेट के बाद इस दौरान धरना-प्रदर्शन भी हुए। विभिन्न घोटालों की जांच की मांग को लेकर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। छात्र आजसू ने पहले से ही घोषणा कर रखी है कि वे कोल्हान के सभी कॉलेजों में कुलपति का पुतला दहन करेंगे। छात्र आजसू का एक प्रतिनिधिमंडल चरणबद्ध आंदोलन के बाद घोटालें के कई साक्ष्यों के साथ राज्यपाल से मिलेगी तथा कोल्हान विवि में चल रहे भ्रष्टाचार की पोल खोलेगी। धरना प्रदर्शन में कोल्हान विवि के छात्र आजसू अध्यक्ष हेमंत पाठक ने कहा कि कोल्हान में हो रहे घोटाले के खिलाफ आजसू मैदान में है। कोल्हान विवि को भ्रष्टाचार का गढ़ नहीं बनने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि दीक्षांत समारोह का पंडाल भी बिना टेंडर का बना दिया गया। कई निर्णय नियम के विपरीत लिए जा रहे हैं। कुलपति स्वयं नियमों की धज्जियां उड़ा रही है। वे खुद मुख्यालय में नहीं रहती है तो केयू के अन्य पदाधिकारी व कर्मचारी कैसे मुख्यालय में रहेंगे। धरना-प्रदर्शन में मुख्य रूप से कलौल कर्मकार, शहनाज परवीन, अनामिका बरुआ, आशा कुमारी, जोबा खान, रंजन प्रमाणिक, शशांक महतो, तरुणचंद्र प्रमाणिक, ऋषभ सिंह, गोलू, बिक्की, सिंटू सिंह, संगीता पांडे आदि उपस्थित थे।
----------------
ये हैं छात्र आजसू की मांग
1. जमशेदपुर को ऑपरेटिव कॉलेज में कंप्यूटर, किताब, पीजी भवन निर्माण घोटाला मामले की जांच।
2. जमशेदपुर महिला कॉलेज में ड्रेस घोटाला में कुलपति की खामोशी संदेह की स्थिति पैदा कर रही है। इसे दूर किया जाए।
3. एलबीएसएम कॉलेज में दो वर्ष पूर्व हुए किताब घोटाला की जांच की जाए।
4. वर्कर्स कॉलेज में नये भवन को बिना हैंडओवर किये ताला तोड़ इस्तेमाल किया जा रहा है।
5. एबीएम कॉलेज में भवन निर्माण में घटिया सामान का प्रयोग हुआ इसके बावजूद केयू की टीम ने क्लीन चिट दी।
6. शहर में कई ऐसे शिक्षक हैं जो अभाविप के कार्यक्रमों में क्लास छोड़कर संगठन के कार्यक्रम में चले जाते हैं।
7. दीक्षांत समारोह में बने पंडाल निर्माण की प्रक्रिया की जांच।
8. किस आधार पर केयू के पदाधिकारियों व कर्मचारियों के लिए बस सेवा शुरू की गई।